/young-bharat-news/media/media_files/2025/11/14/fb_img_1763115262235-2025-11-14-16-08-37.jpg)
कांग्रेस ने किया कार्यक्रम आयोजित
गाजियाबाद, वाईबीएन संवाददाता
गाजियाबाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देश के प्रथम प्रधानमंत्री और आधुनिक भारत के शिल्पकार पंडित जवाहरलाल नेहरू की 136वीं जयंती बड़ी श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई। इस अवसर पर जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें शहरभर के कांग्रेस पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और युवाओं ने सक्रिय रूप से भाग लेकर नेहरूजी के योगदानों को याद किया।
किया नमन
जयंती कार्यक्रम की शुरुआत सुबह नेहरूजी के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि के साथ हुई। विभिन्न स्थानों पर आयोजित गोष्ठियों में उनके जीवन, विचार और राष्ट्रनिर्माण में उनके योगदान पर विस्तृत चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नेहरूजी ने स्वतंत्र भारत की नींव बेहद मजबूत और प्रगतिशील विचारधारा पर रखी, जिसकी बदौलत देश आज भी लोकतंत्र और विकास की राह पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है।
एकजुट हुए कांग्रेसी
इसी क्रम में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में कांग्रेस की जिला उपाध्यक्ष ममता सिंह ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने पंडित नेहरू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। इस दौरान ममता सिंह ने कहा कि नेहरूजी ने आधुनिक भारत को दिशा देने का जो कार्य किया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने वैज्ञानिक सोच, शिक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों और संस्थानों को सुदृढ़ करने पर जो जोर दिया, वही आज भारत की शक्ति है।
आदर्श मार्गदर्शक
ममता सिंह ने आगे कहा कि वर्तमान समय में आवश्यकता है कि युवा पीढ़ी नेहरूजी के आदर्शों को समझे और उन्हें अपने जीवन में अपनाए। भाईचारे, समानता, धर्मनिरपेक्षता और प्रगतिशीलता के जो मूल मंत्र उन्होंने दिए, वे आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने उनके समय में थे। उन्होंने कहा कि हमें उनके द्वारा दिखाए मार्ग पर चलकर ही समाज और देश को नई दिशा दी जा सकती है।कार्यक्रम में उपस्थित अन्य नेताओं ने भी कहा कि नेहरूजी का जन्मदिन 14 नवंबर ‘बाल दिवस’ के रूप में मनाया जाता है क्योंकि वे बच्चों से बेहद प्रेम करते थे और उन्हें देश का भविष्य मानते थे। इसी उपलक्ष्य में कई स्थानों पर बच्चों को मिठाइयाँ बांटी गईं और उनके बीच शैक्षणिक किट भी वितरित की गई।
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us