/young-bharat-news/media/media_files/2025/10/24/1761301660675-2025-10-24-15-58-13.jpg)
रांची,वाईबीएन डेस्क : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज कांके रोड, रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह तथा राजस्व, पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री हरदीप सिंह मुंडियां ने सौजन्य मुलाकात की।
रांची में हुई मुलाकात, पंजाब के मंत्रियों ने सौंपा आमंत्रण पत्र
इस दौरान पंजाब सरकार के दोनों मंत्रियों ने मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन को 9वें सिख गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में शामिल होने का सादर आमंत्रण पत्र सौंपा। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि यह आयोजन गुरु तेग बहादुर जी के बलिदान, त्याग और मानवता के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
गुरु तेग बहादुर जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का उद्देश्य
पंजाब सरकार द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में देशभर के संत-महात्मा, धर्मगुरु और विभिन्न राज्यों के गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। आयोजकों का उद्देश्य गुरु तेग बहादुर जी के जीवन से प्रेरित होकर धार्मिक एकता, शांति और मानवीय मूल्यों को समाज में और मजबूत बनाना है।
मुख्यमंत्री ने दी आयोजन की सफलता की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पंजाब सरकार की ओर से मिले आमंत्रण के लिए दोनों मंत्रियों का धन्यवाद प्रकट किया। उन्होंने कहा कि गुरु तेग बहादुर जी का जीवन बलिदान, साहस और मानवता की सर्वोच्च मिसाल है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आयोजन की सफलता और जनभागीदारी के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us