/young-bharat-news/media/media_files/2025/11/12/1762919121139-2025-11-12-09-15-41.jpeg)
रांची,वाईबीएन डेस्क: झारखंड स्थापना दिवस के 25वें वर्ष यानी रजत जयंती समारोह को लेकर राजधानी रांची पूरी तरह उत्सव के रंग में रंगी नजर आ रही है। 16 नवंबर तक मोरहाबादी मैदान में कई भव्य आयोजन होने वाले हैं। राज्य सरकार इस विशेष अवसर को यादगार बनाने के लिए ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान को दुल्हन की तरह सजा रही है। मुख्य समारोह 15 नवंबर को होगा, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन राज्यवासियों को कई नई योजनाओं की सौगात देंगे।
मोरहाबादी मैदान बनेगा आकर्षण का केंद्र
राजधानी रांची का मोरहाबादी मैदान इस बार झारखंड की संस्कृति और गौरव का प्रतीक बनने जा रहा है। पूरे मैदान में सजावट का काम जोरों पर है। भव्य मंच का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है, जहां मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि और सरकारी प्रतिनिधियों के लिए विशेष बैठने की व्यवस्था की गई है। मैदान के चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई है और प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर लगाए जा रहे हैं। मेहमानों के लिए वातानुकूलित रेस्ट रूम और विशाल डाइनिंग हॉल भी तैयार किए जा रहे हैं ताकि सभी अतिथियों को सुविधाजनक माहौल मिल सके।
छह दिनों तक संस्कृति और परंपरा का उत्सव
राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रम 11 नवंबर से ही शुरू हो गए हैं। अगले छह दिनों तक राजधानी में पारंपरिक नृत्य, संगीत, झारखंडी कला और लोक संस्कृति का प्रदर्शन किया जाएगा। 12 नवंबर को 'सुबह-ए-झारखंड' थीम पर पारंपरिक नृत्य झांकी निकाली जाएगी, जबकि 13 नवंबर को ‘नो योर टूरिस्ट प्लेस’ साइकिल रैली के जरिए झारखंड के पर्यटन स्थलों को बढ़ावा दिया जाएगा। 14 नवंबर को नगर निगम की ओर से वॉल पेंटिंग अभियान चलाया जाएगा और 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली खूंटी में श्रद्धांजलि कार्यक्रम होगा। 16 नवंबर को समापन यात्रा जेल चौक से मोरहाबादी तक निकाली जाएगी, जिसमें लोकनृत्य, वेशभूषा और झारखंडी संगीत का भव्य प्रदर्शन होगा।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, ड्रोन और CCTV से निगरानी
मुख्य समारोह की सुरक्षा के लिए रांची पुलिस ने अभूतपूर्व इंतजाम किए हैं। एक हजार से अधिक पुलिसकर्मी, तीन आईपीएस अधिकारी, छह डीएसपी, 40 इंस्पेक्टर और 80 दरोगा सुरक्षा में तैनात रहेंगे। मोरहाबादी मैदान को तीन स्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा जाएगा। शहरभर में सीसीटीवी कैमरे और दो ड्रोन लगाए जा रहे हैं ताकि हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके। इसके अलावा बम निरोधक दस्ते, एटीएस, जैप और झारखंड जगुआर की टीम भी मुस्तैद रहेगी। सभी प्रवेश द्वारों पर मेटल स्कैनर और हैंड डिटेक्टर से जांच की जाएगी।
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us