/young-bharat-news/media/media_files/2025/11/12/1762923322078-2025-11-12-10-25-37.jpg)
रांची वाईबीएन डेस्क : झारखंड में सर्दी ने इस बार जल्दी दस्तक दे दी है। गुमला जिले में न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जबकि कई अन्य जिलों में भी पारा 9 डिग्री से नीचे चला गया है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे में राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में 5 से 6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सुबह और शाम के समय ठंड का असर स्पष्ट रूप से महसूस किया जा रहा है।
उत्तर-पश्चिमी हवाओं से बढ़ी ठंड की रफ्तार
मौसम केंद्र रांची ने बताया कि झारखंड के निचले ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही हवाओं ने ठंड को और तेज कर दिया है। लोहरदगा में 8.6, खूंटी में 9.7, डालटनगंज में 10.1, लातेहार में 10.2, हजारीबाग में 10.5, पश्चिमी सिंहभूम में 11.4, बोकारो में 11.6 और रांची में 11.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है। पिछले 24 घंटों में डालटनगंज और बोकारो में पारे में करीब 6 डिग्री की गिरावट आई है। विभाग ने बताया कि 12 से 17 नवंबर के बीच सुबह के समय कोहरा और धुंध छाने की संभावना है, जबकि दोपहर तक मौसम साफ और शुष्क रहेगा।
छह जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी
मौसम केंद्र ने चेतावनी दी है कि 12 और 13 नवंबर को झारखंड के उत्तर-पश्चिमी जिलों में शीतलहर चलने की संभावना है। इसमें पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला जिले शामिल हैं। इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री या उससे नीचे जाने का अनुमान है। वहीं, अधिकतम तापमान की बात करें तो चाईबासा 30.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। पाकुड़ और गोड्डा में तापमान 30 से 31 डिग्री के बीच दर्ज हुआ, जबकि रांची का अधिकतम तापमान 27, बोकारो का 25.5 और जमशेदपुर का 28.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us