/young-bharat-news/media/media_files/2025/06/29/ivri-2025-06-29-23-40-08.jpeg)
द्रौपदी मुर्मूराष्ट्रपति के स्वागत के लिए बरेली स्थित भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) का स्वामी विवेकानंद सभागार सज-धजकर तैयार हो गया। राष्ट्रपति यहां 11वें दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को डिग्री और उपाधियां प्रदान की जाएंगी। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 8 छात्रों को अपने हाथों से गोल्ड मेडल और दो वैज्ञानिकों को उपाधि देकर सम्मानित करेंगी। इसके बाद उनका संबोधन भी होगा।
आईवीआरआई के निदेशक डॉ. त्रिवेणी दत्त ने बताया कि समारोह में राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के साथ ही केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. मांगी लाल जाट और उपमहानिदेशक डॉ. राघवेंद्र भट्ट भी मौजूद रहेंगे। अति विशिष्ट अतिथियों के आगमन की वजह से स्वामी विवेकानंद सभागार में दिल्ली से आई विशेष टीम और स्थानीय प्रशासन के उच्चाधिकारियों की निगरानी में व्यवस्थाएं चाक चौबंद की गईं। दीक्षांत समारोह में 369 छात्रों को डिग्री और 207 को उपाधि से नवाजा जाएगा। विभिन्न कमेटियों के निर्देशन में छात्रों और वैज्ञानिकों ने रविवार को समारोह का पूर्वाभ्यास भी किया। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने भी सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही कुछ जरूरी निर्देश भी दिए। 576 छात्र-छात्राओं को डिग्री और उपाधि प्रदान की जाएगी
दीक्षांत समारोह में 369 छात्रों को डिग्री और 207 को मिलेगी उपाधि
आईवीआरआई के निदेशक डॉ. त्रिवेणी दत्त ने बताया कि दीक्षांत समारोह में 2021-22, 22-23 और 23-24 के 576 छात्र-छात्राओं को डिग्री और उपाधि प्रदान की जाएगी। इनमें बीवीएससी के दो, एमवीएससी के तीन और पीएचडी के तीन मेधावियों को राष्ट्रपति के हाथों गोल्ड मेडल दिया जाएगा। कार्यक्रम की पूरी तैयारियां हो चुकी हैं। पिछले चार दिनों से आईवीआरआई के वैज्ञानिकों के निर्देशन में विभिन्न कमेटियां बनाकर समारोह को भव्य बनाने का रिहर्सल किया जा रहा है। स्वामी विवेकानंद सभागार में सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक सभी छात्र, वैज्ञानिक और शहर के गणमान्य को उपस्थित होने की जानकारी दी जा चुकी है।
ऐसे होगी कार्यक्रम की शुरूआत
संस्थान के ज्वाइंट डायरेक्टर शैक्षणिक ने बताया कि दीक्षांत समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और उसके बाद राष्ट्रगान से होगी। कार्यक्रम के शुरुआत में निदेशक डॉ. त्रिवेणी दत्त संस्थान की अब तक की उपलब्धियों के बारे में बताएंगे। साथ ही कृषि एवं पशुपालन के क्षेत्र में हुए शोध, संस्थान की ओर से विकसित किए गए टीके, नैदानिक आदि के बारे में जानकारी देंगे। साथ ही किसानों की आय को दोगुने करने के उद्देश्य से संस्थान के द्वारा किए गए प्रयासों के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।
इन आठ छात्रों को राष्ट्रपति के हाथों मिलेगा गोल्ड मेडल
बरेली: आईवीआरआई के निदेशक ने बताया कि 11वें दीक्षांत समारोह में आठ छात्रों को राष्ट्रपति के हाथों गोल्ड मेडल दिया जाएगा। ये सभी अपने बैच के टॉपर हैं। इनमें डॉक्टोरल डिग्री प्रोग्राम के लिए 2021-22 बैच के डॉ. राजकुमार पटेल, 22-23 बैच के लिए डॉ. मेघा शर्मा और 2023-24 के लिए डॉ. अमिथा बानू का नाम शामिल हैं। मास्टर डिग्री प्रोग्राम के लिए 2021-22 बैच के डॉ. नवजोत सिंह ठाकुर, 22-23 के लिए डॉ. सेलस सीएस और 23-24 के लिए डॉ. खुशबू चौधरी का नाम चयनित किया गया है। वहीं, बैचलर डिग्री में शैक्षिक साल 2023 के लिए डॉ. तान्या चौधरी और साल 2024 के लिए डॉ. अतुल प्रताप सिंह को राष्ट्रपति के हाथों गोल्ड मेडल मिलेगा।
दो वैज्ञानिकों को मिलेगी डॉक्टरेट की उपाधि
दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों दो वैज्ञानिकों को डॉक्टरेट से भी सम्मानित किया जाएगा। इनमें कृषि एवं प्रसार शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए आईसीएआर के डीजी डॉ. मांगी लाल जाट को यह सम्मान दिया जाएगा। वहीं इंफाल स्थित सीएयू के चांसलर व चेयरपर्सन प्रोफेसर प्रदीप कुमार जोशी को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर योगदान देने के लिए डॉक्टरेट से नवाजा जाएगा।
बरेली में साढ़े तीन घंटे रहेंगे कृषि मंत्री शिवराज सिंह
आईवीआरआई के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए आ रहे कृषि एवं किसान कल्याण एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को साढ़े तीन घंटे तक बरेली में रहेंगे। कृषि मंत्री का विमान सुबह 9:50 पर त्रिशूल एयरपोर्ट पर उतरेगा। दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद शिवराज सिंह चौहान करीब एक घंटे तक आईवीआरआई परिसर में ही रहेंगे। बताया जा रहा है कि इस दौरान वह वेटरनरी वैज्ञानिकों के साथ पशुपालन और कृषि के क्षेत्र में हो रहे कार्यों पर चर्चा करेंगे और कुछ जरूरी निर्देश भी देंगे। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे वह सड़क मार्ग से रामपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
स्वामी विवेकानंद सभागार में प्रवेश को चार गेट बनाए गए
बरेली आईवीआरआई परिसर में स्वामी विवेकानंद सभागार में प्रवेश के लिए चार गेट बनाए गए हैं। पूर्वी गेट को ही वीवीआईपी गेट बनाया है। यहीं से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार दीक्षांत समारोह में प्रवेश करेंगे। उत्तरी गेट से केंद्रीय मंत्री, राज्य के मंत्री, सांसद और विधायक समारोह में पहुंचेंगे। जबकि पश्चिमी गेट से छात्र-छात्राओं की इंट्री होगी। चौथे गेट से अफसर, आईवीआरआई कैंपस के वैज्ञानिक आदि समारोह में प्रवेश करेंगे। स्वामी विवेकानंद सभागार में 700 लोगों के बैठने की क्षमता है, इसमें 576 बच्चे बैठेंगे।
इनके अलावा राष्ट्रपति, मुख्यमंत्री, राज्यपाल के साथ आए अफसर, आईवीआरआई के प्रमुख वैज्ञानिक, स्थानीय अफसरों को इंट्री दी गई है। आईवीआरआई के पीआरओ सतीश जोशी ने बताया कि सभागार की क्षमता ज्यादा नहीं होने की वजह से डिग्री और उपाधि लेने के लिए पहुंचने वाले छात्र-छात्राओं के अभिभावकों को समारोह में नहीं बुलाया है।