/young-bharat-news/media/media_files/2025/05/26/Eu5h2CWDxpi6p2HVRVxV.png)
बरेली,वाईबीएनसंवाददाता
यूपी सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बरेली के जीआईसी ऑडिटोरियम हॉल में सोमवार को खरीफ उत्पादकता गोष्ठी में किसानों को संबोधित किया। उन्होंने इस दौरान योगी सरकार के निर्णय की एक बड़ी जानकारी किसानों के साथ साझा की। कृषि मंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प के लिए यूपी का विकसित होना बहुत जरुरी है। यूपी को विकसित बनाने में कृषि क्षेत्र का बड़ा योगदान है। विकसित यूपी-विकसित भारत के तहत योगी सरकार 29 मई से 12 जून तक विकसित कृषि संकल्प अभियान चलाने जा रही है। इसमें डेढ़ करोड़ किसानों से सीधा संवाद होगा।
भारत बना विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था
यूपी के कृषि मंत्री ने कहा कि भारत ने जापान को पछाड़कर हाल ही में पूरे विश्व में चौथी अर्थव्यवस्था बनने का गौरव हासिल किया है। पीएम मोदी का संकल्प है कि भारत विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बने। इसके लिए कृषि क्षेत्र को मजबूत करना होगा। उन्हेांने कहा कि विकसित कृषि-विकसित भारत संकल्प के साथ ही विकसित कृषि संकल्प यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा 29 मई से 12 जून तक यूपी के प्रत्येक जिले और प्रत्येक मंडल और प्रत्येक गांव में निकलेगी। इसमें योगी सरकार के मंत्री, कृषि वैज्ञानिक, कृषि, उद्यान, सहकारिता, गन्ना समेत प्रशासनिक अफसर प्रत्येक न्याय पंचायत और ग्राम पंचायतों में पहुंचकर किसानों से सीधा संवाद करेंगे। 15 दिन की इस यात्रा में डेढ़ करोड़ से अधिक किसानों से सरकार का विकसित खेती के बारे में सीधा संवाद होगा। प्रत्येक जिले के डिप्टी डायरेक्टर इस अभियान के नोडल अफसर होंगे। साधन सहकारी समितियों की तरफ से भी इसमें पूरा सहयोग रहेगा। कृषि मंत्री ने मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, डीएम अविनाश सिंह, ज्वाइंट डायरेक्टर कृषि राजेश कुमार, डिप्टी डायरेक्टर कृषि अभिनंदन सिंह से इस अभियान में तुरंत जुट जाने को कहा। कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि योगी सरकार किसानों के हित में अच्छे निर्णय ले रही है। वह किसानों की गन्ना भुगतान से संबंधित समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखेंगे और उनका समाधान कराएंगे।