/young-bharat-news/media/media_files/2025/07/05/wha-2025-07-05-09-14-56.jpg)
प्रदीप यादव फरीदपुर मंडल अध्यक्ष भाजपा युवा मोर्चा, आंवला जिला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह के साथ
फरीदपुर में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष का अपहरण केस निपटाने के लिए ₹5 लाख में डील कराने का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें फरीदपुर पुलिस इंस्पेक्टर, सीओ, स्थानीय विधायक, पुलिस विभाग के एक अफसर और आंवला भाजपा जिला अध्यक्ष का भी हिस्सा होने की बात कही गई है। यह ऑडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे के अलावा राजनीतिक क्षेत्र में भी भूचाल आ गया है।
फरीदपुर में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव उस ऑडियो में अभिषेक यादव से बातचीत कर रहे हैं। यह ऑडियो आठ मिनट 30 सेकंड का है। इस ऑडियो में भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव फरीदपुर इंस्पेक्टर से पत्नी से विवाद निपटाने के बदले में पांच लाख रुपए मांग रहे हैं। प्रदीप यादव का उस ऑडियो में महिला के पति अभिषेक यादव से कहना है कि ये मामला निपटाने में पांच लाख रुपए खर्च होंगे। इस पांच लाख की रकम में फरीदपुर विधायक श्यामबिहारी लाल, आंवला भाजपा जिला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम, सीओ फरीदपुर समेत कुछ अन्य अफसरों के नाम भी लिए गए हैं।
भाजपा नेता ने अपने आठ मिनट से ज्यादा के ऑडियो में और भी तमाम बातें कही हैं
भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव के अनुसार पुलिस से पूरे मामले की डील भाजपा जिला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह ने कराई है। इसलिए उनका हिस्सा तो हर हाल मे देना है। जिला अध्यक्ष ने ही पुलिस अधिकारियों से बात की और स्थानीय विधायक से भी। उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। इसमें पांच लाख रुपए का खर्चा आएगा। भाजपा नेता ने अपने आठ मिनट से ज्यादा के ऑडियो में और भी तमाम बातें कही हैं। सूत्रों के अनुसार इस एपिसोड की खास बात यह है कि भाजपा युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष प्रदीप यादव आंवला भाजपा जिला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह के करीबी माने जाते हैं। अक्सर उनके साथ ही रहते हैं। वह जिला अध्यक्ष के तमाम कामों में उनकी मदद करते हैं।
यह ऑडियो मेरे संज्ञान में भी है। इसमें मेरा नाम क्यों लिया गया। मैं इसकी जांच करा रहा हूं। - आदेश प्रताप सिंह, जिला अध्यक्ष भाजपा आंवला लोकसभा क्षेत्र
( नोट: यंग भारत न्यूज इस ऑडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है।)