/young-bharat-news/media/media_files/2025/02/15/BWWoYqE9ZaR2DMt9Yaev.jpg)
बरेली, वाईबीएन संवाददाता
बरेली। नगर निगम में गृहकर के निर्धारण में बड़ा गोलमाल चल रहा है। लोग कर जमा करना चाहते हैं लेकिन निगम के कर्मचारी उन्हें गोलगोल चक्कर कटवा रहे हैं। न उनकी समस्या का समाधान हो पा रहा है और न ही वे कर जमा कर पा रहे हैं। निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की मनमानी ने मामूली समस्या को इतना जटिल बना दिया है कि इसे सुलझा पाना आम करदाता के बस से बाहर हो चुका है।
नगर निगम लोगों को पिछले 12 सालों का बिल एरियर समेत भेज रहा है। एक साथ इतनी मोटी रकम न चुका पाने से लोग परेशान हैं। सपा पार्षद राजेश अग्रवाल ने शनिवार को करदाताओं के साथ निगम जाकर नगर आयुक्त और मुख्य कर निर्धारण अधिकारी से मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों से इन समस्याओं के समाधान की मांग की।
स्वकर के फार्म जमा करने की समय सीमा खत्म
स्वकर के फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि शनिवार को समाप्त हो चुकी है। सपा पार्षद राजेश अग्रवाल ने कहा कि स्वकर के फॉर्मों से नगर निगम को 40 करोड़ से अधिक की आय छह माह में प्राप्त हुई है। इसलिए स्वकर के फार्म जमा करने की तिथि बढ़ाई जाए, जिससे लोगों को दिक्कत न हो।
नगर निगम के चक्कर लगा रहे करदाता
पार्षद राजेश अग्रवाल ने बताया कि करदाताओं को पिछले 12 सालों के बिल एरियर समेत भेजे जा रहे हैं, जबकि इससे पहले कभी बिल नहीं भेजे गए। न घरों का कर निर्धारित किया गया। इसलिए निगम द्वारा भेजे गए गलत बिलों में सुधार किया जाए। करदाता लगातार नगर निगम के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन बाबू और अधिकारी लोगों की समस्याओं का समाधान नहीं कर रहे हैं।
कैंप लगाकर किया जाए बिलों का निस्तारण
नई संपत्तियां की मैचिंग नहीं हो पाई है मगर पिछले दो सालों के बिल भेजे जा रहे हैं। मैचिंग न होने से करदाताओं को 31 मार्च को एक साल का ब्याज देना पड़ेगा। ऐसी समस्त संपत्तियों की मेचिंग होनी चाहिए ताकि करदाता गलत बिलों को ठीक करा सकें।
म्यूटेशन में कर्मचारी कर रहे करदाताओं का शोषण
आरोप है कि म्यूटेशन में नगर निगम के कर्मचारी करदाताओं का शोषण कर रहे हैं। कर्मचारियों ने पिछले दो सालों से म्यूटेशन की फाइलें दबा रखीं हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मचारीयों की जवाबदेही तय हो और उनके पटल बदले जाएं।
ये लोग रहे मौजूद
पार्षद राजेश अग्रवाल के साथ प्रमुख रूप से सुमन मेहरा, राजीव मोहन, सुरेंद्र सोनकर, राज नारायण, नवीन कश्यप, सिंपल कनौजिया, सुधीर गुप्ता, मुकेश खटवानी, मोहम्मद शाहिद, शशिकांत मोदी, अरविंद अग्रवाल, नाजिम, प्रतीश गुप्ता, विष्णु मौर्य आदि मौजूद रहे थे।