/young-bharat-news/media/media_files/2025/02/24/ZmL0fprL5HgJQ2ist1LY.jpg)
Source : AI
बरेली, वाईबीएन संवाददाता
बरेली। नशे में धुत दूल्हे ने दुल्हन की जगह अपने दोस्त के गले में वरमाला डाल दी। यह देखते ही दुल्हन का पारा चढ़ गया और उसने शादी से इन्कार कर दिया। दूल्हा पक्ष की तमाम मिन्नतों के बाद भी दुल्हन शादी के लिए राजी नहीं हुई। नतीजतन बरात को बगैर दुल्हन की वापस जाना पड़ा। दुल्हन के पिता की शिकायत पर पुलिस दूल्हे और उसके पिता को पकड़कर थाने ले गई और उनका शांतिभंग में चालान कर दिया।
बरेली जनपद के क्योलड़िया थाना क्षेत्र के एक किसान ने अपनी बेटी का रिश्ता पड़ोसी जिले पीलीभीत के बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव गजराया निवासी रविंद्र कुमार के साथ तय किया था। शनिवार रात रविंद्र बरात लेकर दुल्हन के यहां पहुंचा था। वरमाला की रस्म के दौरान दूल्हा लड़खड़ता हुआ अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ स्टेज पर पहुंचा। इस दौरान दुल्हन ने तो दूल्हे के गले में वरमाला डाल दी लेकिन दूल्हे ने अपने दोस्त के गले में वरमाला डाल दी। यह देखते ही दुल्हन गुस्से से तमतमा उठी और शादी से इन्कार कर दिया।
दुल्हन के गुस्से में स्टेज से जाते ही बरातियों और घरातियों में खलबली मच गई। दुल्हन को मनाने का काफी प्रयास किया ताकि वह शादी के लिए तैयार हो जाए लेकिन उसने नशेड़ी से शादी करने से साफ इन्कार कर दिया। जब बात नहीं बनी तो दुल्हन के पिता की शिकायत पर पहुंची क्योलड़िया पुलिस दूल्हे और उसके पिता को पकड़कर थाने ले गई। जहां उनका शांतिभंग में चालान कर दिया।
मनाते रहे रिश्तेदार पर दुल्हन ने लौटाई बरात
दूल्हे की हरकत पर दुल्हन इस कदर नाराज हो गई कि बरातियों समेत उसके रिश्तेदार उसे मनाने में लगे रहे लेकिन वह नहीं मानी। यहां तक की दूल्हे की बहन ने बीमार मां का हवाले देते हुए दुल्हन को मनाने की कोशिश की। उसके नाम जमीन करने का प्रस्ताव भी रखा गया लेकिन वह किसी भी शर्त पर शादी के लिए तैयार नहीं हुई और शादी करने से साफ इन्कार कर दिया। आखिरकार बरात को बगैर लौटना पड़ा। वहीं दुल्हन के पिता की तहरीर पर पुलिस दूल्हे और उसके बाबूराम को पकड़कर थाने ले गई और शांतिभंग में चालान कर दिया।
पिता बोले- शराब नहीं पीता है बेटा, दोस्तों ने की खुराफात
दूल्हे के पिता ने दोस्तों पर उसे नशा देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि उनका बेटा शराब को हाथ तक नहीं लगाता है। उसके दोस्तों ने धोखे से कोल्डड्रिंक में मिलाकर उसे नशा दे दिया, इससे उसे नशा हो गया।