/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/18/hq7iRwR2amf2pAoY9Ryt.jpg)
बरेली, वाईबीएन संवाददाता
केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार है, फिर भी योगी की पुलिस भाजपाइयों को अहमियत नहीं देती है। ऐसी शिकायतें अक्सर सामने आती रहती हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और मंत्रियों के सामने भी यह मुद्दा उठता रहा है। शुक्रवार को पीलीभीत में यह मामला खुलकर सामने आ गया। जहां भाजपा नगराध्यक्ष की वहीं के एक व्यापारी नेता और उनके साथियों ने पिटाई कर दी। भाजपा नगराध्यक्ष ने सुनगढ़ी थाने में तहरीर दी तो पुलिस ने करीब पांच घंटे तक कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर गुस्साए भाजपा नगराध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं के साथ सुनगढ़ी थाना गेट पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने ऐलान कर दिया कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तब तक धरना जारी रहेगा।
दूधिया मंदिर के पास का मामला, पुलिस पर पांच घंटे तक कार्रवाई न करने का आरोप
पीलीभीत भाजपा नगराध्यक्ष इंद्रेश सिंह चौहान के मुताबिक शुक्रवार सुबह वह दूधिया मंदिर रोड के पास गए। जहां उनके साथ एक व्यापारी नेता और उनके साथियों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने नकदी और चेन भी लूट ली। इसके बाद सुबह करीब नौ बजे उन्होंने सुनगढ़ी थाने में तहरीर दे दी। मगर करीब पांच घंटे बाद भी सुनगढ़ी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर भाजपा नगराध्यक्ष आक्रोशित हो उठे और पुलिस को सबक सिखाने का मन बना लिया।
भाजपाइयों ने थाना गेट पर किया धरना प्रदर्शन, पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी
दोपहर करीब दो बजे भाजपा नगराध्यक्ष इंद्रेश सिंह अपने कार्यकर्ताओं के साथ सुनगढ़ी थाने जा पहुंचे और वहीं गेट पर धरने पर बैठ गए। भाजपा नगराध्यक्ष और उनके कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उनका कहना था कि पुलिस आरोपियों को बचा रही है। जब तक कार्रवाई नहीं होती वह धरने पर बैठे रहेंगे। भाजपा कार्यकर्ताओं में भी पुलिस के प्रति जबरदस्त आक्रोश था।
व्यापारी नेता समेत छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट
भाजपा नेता के धरने पर बैठने का पता लगने पर पुलिस अफसरों में खलबली मच गई। पहले तो जांच होने की कहकर उन्हें मनाने की कोशिश की गई। मगर भाजपा नगराध्यक्ष आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। आखिर में व्यापारी नेता समेत छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई। आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की बात कहकर भाजपाइयों को मनाया गया।
गली में निर्माण को लेकर हुआ था विवाद
बताते हैं कि व्यापारी नेता के घर के सामने वाली गली में निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण का ठेका भाजपा के एक मंडल अध्यक्ष का बताया जाता है। व्यापारी नेता के घर के सामने बने चबूतरा को वह खुद तोड़ने की बात कह रहे थे। मगर निर्माण करने वाली उसी समय तोड़ने की बात कह रहे थे। इसी को लेकर कहासुनी और मारपीट हो गई। बताते हैं कि जिन व्यापारी नेता पर मारपीट का आरोप है वह सुलझे व्यक्ति होने के साथ वरिष्ठ समाजसेवी भी हैं। इसलिए पुलिस कार्रवाई करने से पहले हकीकत जानना चाहती थी।
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us
/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/11/dXXHxMv9gnrpRAb9ouRk.jpg)