Advertisment

Bareilly News: जांच टीम के सामने प्रधान और पूर्व प्रधान भिड़े, जमकर लाठी-डंडे चले, कई घायल, दोनों तरफ के 16 लोगों पर एफआईआर

बरेली कैमुआ गांव में विकास कार्यों की जांच को लेकर वर्तमान प्रधान और पूर्व प्रधान के गुटों में जमकर लाठी-डंडे चले । इससे टीम को बगैर जांच किए बैरंग लौटना पड़ा। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से भमोरा थाने में 16 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। 

author-image
Sanjay Shrivastav
thana4

बरेली, वाईबीएन संवाददाता

Advertisment

जनपद बरेली की आंवला तहसील के गांव कैमुआ में विकास कार्यों की जांच को लेकर वर्तमान प्रधान और पूर्व प्रधान के गुटों में जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें दोनों तरफ के कई लोग घायल हो गए। मारपीट होने से प्रशासन की टीम को बगैर जांच किए बैरंग लौटना पड़ा। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से भमोरा थाने में 16 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। 

आंवला तहसील क्षेत्र में भमोरा ब्लॉक के गांव कैमुआ निवासी अजय उपाध्याय पूर्व और अखिलेश चन्द्र उपाध्याय वर्तमान प्रधान हैं। कैमुआ गांव में कराए गए विकास कार्यों में घपला किए जाने की शिकायत डीएम से की गई थी। डीएम के निर्देश पर 22 अप्रैल 2025 की दोपहर करीब एक बजे प्रशासन की जांच टीम कैमुआ गांव पहुंची। जहां पंचायत कार्यालय में दोनों पक्ष मौजूद थे।  

प्रशासन की जांच टीम के सामने दोनों पक्ष भिड़े, जमकर मारपीट

Advertisment

पंचायत कार्यालय में बातचीत के दौरान प्रधान और पूर्व प्रधान पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए, जिसके जमकर मारपीट हुई। इसमें दोनों तरफ के कई लोगों को चोटें भी आईं। मारपीट होने से प्रशासन की टीम को बगैर जांच किए बैरंग लौटना पड़ा। इसके बाद दोनों तरफ से एक-दूसरे के खिलाफ भमोरा थाने में तहरीर दी गई, जिनके आधार पर पुलिस ने 16 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घपले की जांच शुरू न हो इसलिए साजिश के तहत की गई मारपीट

पूर्व प्रधान अजय उपाध्याय ने लिखाई एफआईआर के मुताबिक 22 अप्रैल को दोपहर लगभग 01 बजे पंचायत कार्यालय कैमुआ पर प्रधान अखिलेश उपाध्याय के खिलाफ जांच करने सरकारी टीम पहुंची थी। जहां मौके पर अजय उपाध्याय भी मौजूद थे। आरोप है कि जांच शुरू न हो इसीलिए योजनावद्ध तरीके से हिस्ट्रीशीटर नरेश, उनके गिरोह के छह अज्ञात लोगों और महेश उपाध्याय, उनके भाई उमेश उपाध्याय, बृजेश उपाध्याय, प्रधान अखिलेश उपाध्याय, रमेश उपाध्याय पुत्र ओमप्रकाश उपाध्याय एवं सार्थक उपाध्याय पुत्र महेश उपाध्याय लाठी-डंडे लेकर पहुंचे थे।

Advertisment

शिकायतकर्ता से गाली-गलौज करने पर शुरू हुआ झगड़ा

आरोप है कि प्रधान पक्ष के लोगों ने शिकायतकर्ता से गाली-गलौज शुरु कर दी, जिससे झगड़ा होने लगा। बीच-बचाव करने का प्रयास करने पर पूर्व प्रधान अजय उपाध्याय को पीटा और कपड़े फाड़ दिए। उनकी गर्दन पर धारदार हथियार रखकर हत्या करने का प्रयास किया। मारपीट होने की वजह से घपले की जांच नहीं हो सकी। शोर सुनकर गांव वाले एकत्र होने लगे। तभी अज्ञात लोगों को मौके से भगा दिया गया, अन्य लोगों को ग्रामवासियों ने पकड़ लिया। घटना का वीडियो कई लोगों के पास मौजूद है। अजय उपाध्याय ने अपनी जान को खतरा बताया है। 

दूसरी एफआईआर प्रधान अखिलेश चंद्र ने लिखाई

Advertisment

दूसरी एफआईआर ग्राम प्रधान अखिलेश चन्द्र उपाध्याय ने लिखाई है। रिपोर्ट के मुताबिक 22 अप्रैल की दोपहर डीएम के यहां से जांच अधिकारी गांव पहुंचे थे। तभी शिकायतकर्ता के साथ अजय उपाध्याय, उनके भाई अनुज उपाध्याय, कुलदीप उपाध्याय, उत्तम उपाध्याय पुत्र कृष्ण मुरारी उपाध्याय और भविष्य प्रताप उर्फ दीपू पुत्र भानुप्रताप, संजीव उपाध्याय उर्फ पप्पू पुत्र गिरराज किशोर निवासी कैमुआ, राघव निवासी ग्राम मोहम्मदी थाना बिनावर जनपद बदायूं एवं अंचल निवासी आगरा ने गाली गलौच की। 

मारपीट में प्रधान और उनके भाई को चोटें आईं

मौके पर मौजूद प्रधान अखिलेश के भाई ब्रजेश उपाध्याय ने गालियां देने को मना किया। तभी ग्राम प्रधान अखिलेश और उनके भाई ब्रजेश उपाध्याय, नरेश उपाध्याय को लाठी डंडे से बुरी तरह पीटा, जिससे प्रधान और उनके भाई के चोटें आई हैं। शोर सुनकर लोग इक‌ट्ठे होने लगे। तभी आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गये।

एफआईआर में ये लोग हुए नामजद

एक एफआईआर पूर्व प्रधान अजय उपाध्याय ने लिखाई है। इसमें नरेश, महेश उपाध्याय,  उमेश उपाध्याय, ब्रजेश उपाध्याय, अखिलेश उपाध्याय, रमेश और सार्थक नामजद हैं। जबकि एक आरोपी अज्ञात है। दूसरी रिपोर्ट प्रधान अखिलेश उपाध्याय ने लिखाई है, जिसमें अजय उपाध्याय, अनूप उपाध्याय, कुलदीप, उत्तम, भविष्य प्रताप उर्फ दीपू, संजीव उपाध्याय उर्फ पप्पू, राघव और अचल नामजद हैं।

Advertisment
Advertisment