Advertisment

भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल की पहल पर बहाल हुई इंटरनेट सेवा, व्यापार मंडल ने जताया आभार

मौलाना तौकीर पर एक्शन के दो दिन से बंद इंटरनेट सेवा भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल की पहल पर रात डेढ़ बजे के बाद बहाल हुई। व्यापारियों ने उनका आभार जताया।

author-image
Sudhakar Shukla
यूपी सरकार के पूर्व वित्तमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल

यूपी सरकार के पूर्व वित्तमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल

बरेली वाईबीएन संवाददाता।

आई लव मोहम्मद के नाम पर शहर की फिजा खराब करने की कोशिश करने वाले आईएमसी मुखिया मौलाना तौकीर रजा समेत उनके समर्थकों पर पुलिस प्रशासन ने सख्त एक्शन लिया। उसके बाद एतिहातन पुलिस-प्रशासन को दो दिन तक इंटरनेट सेवा बंद करनी पड़ी। मगर, त्योहारी सीजन में इंटरनेट सेवा बंद होने से शहर के व्यापारी समेत आम नागरिक परेशान होने लगे। व्यापारियों ने भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल से इंटरनेट सेवा बहाल करने की मांग की। उस पर उन्होंने स्थानीय प्रशासन से बात करके देर रात इंटरनेट सेवा को बहाल करा दिया। तब जाकर आम नागरिक और व्यापारियों ने राहत की सांस ली। बरेली के व्यापारियों ने इंटरनेट सेवा जल्दी बहाल कराने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल का आभार जताया है। 

यूपी सरकार के पूर्व वित्तमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल संगठन के काम अधिक होने की वजह से ज्यादातर दिल्ली में ही रहते हैं। लेकिन, शहर के प्रत्येक घटनाक्रम पर उनकी पैनी नजर बनी रहती है। बीते हफ्ते जुमे की नमाज के बाद आईएमसी अध्यक्ष मौलाना तौकीर रजा ने आई लव मोहम्मद के समर्थन में इस्लामियां इंटर कॉलेज में मुस्लिम समुदाय की भीड़ इकट्ठी कर ली थी। भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया। उसके बाद पुलिस ने लाठी चार्ज करके न केवल भीड़ को तितर-बितर करने में सफलता हासिल की बल्कि शहर में शांति व्यवस्था कायम रखते हुए मौलाना तौकीर समेत 100 से ज्यादा उपद्रवियों को जेल भेज दिया। तीन हजार से ज्यादा उपद्रवियों पर एफआईआर दर्ज करके त्योहारी सीजन में शहर की शांति व्यवस्था को भंग होने से रोक लिया। इसी बीच, पुलिस-प्रशासन ने सावधानी बरतते हुए बरेली की इंटरनेट सेवा बंद कर दी थी। दो दिन से ज्यादा इंटरनेट सेवा बंद होने से शहर के व्यापारियों का कारोबार प्रभावित होने लगा बल्कि भाजपा के जीएसटी जागरुकता अभियान को भी झटका लगा। तभी पश्चिमी उत्तर प्रदेश संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के युवा प्रदेश अध्यक्ष सुनील खत्री और होम्योपैथी चिकित्सक डाॅ विकास वर्मा ने प्रदेश के पूर्व वित्तमंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल से इंटरनेट सेवा बहाल करने की अपील 29 सितंबर को की थी। उसके बाद पूर्व वित्तमंत्री ने स्थानीय प्रशासन से इंटरनेट सेवा बहाल करने के संबंध में बात की। उसका नतीजा यह निकला कि मंगलवार रात डेढ़ बजे के बाद प्रशासन ने इंटरनेट सेवा बहाल कर दी। उसके बाद शहरवासियों ने राहत की सांस ली। दो दिन इंटरनेट सेवा बंद होने से व्यापारी और युवा वर्ग बहुत परेशान था। व्यापार मंडल ने इंटरनेट सेवा बहाल होने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष का आभार जताया है। व्यापार मंडल की तरफ से बताया गया कि बरेली लौटने पर भाजपा के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल को इंटरनेट सेवा बहाल करने के लिए सम्मानित भी किया जाएगा।   

Advertisment
Advertisment