/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/18/j972qKhWwjyBgMYAt9Fn.jpg)
बरेली,वाईबीएनसंवाददाता
बरेली के थाना फतेहगंज पश्चिची पुलिस ने नगर पंचायत के संविदा सफाई कर्मचारी केहर सिंह की मौत की गुत्थी सुलझा ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि केसर सिंह ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी गला घोंटकर हत्या करने के बाद आत्महत्या का रूप देने को शव को फंदे पर लटकाया गया था। हत्यारोपी कोई और नहीं, बल्कि मृतक की पत्नी रेखा और उसका प्रेमी पिंटू हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद दोनों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
कमरे में लटका मिला था शव, अंदर से बंद था दरवाजा
संविदा सफाई कर्मचारी केहर सिंह का शव 13 अप्रैल को कमरे में रस्सी के सहारे फंदे पर लटका मिला था। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ने के बाद शव नीचे उतारा था। इसलिए पुलिस आत्महत्या का मामला मान रही थी। मगर मृतक के भाई अशोक सिंह ने हत्या का शक जताया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस को भी अशोक सिंह की बातों पर यकीन हो गया।
प्लान के तहत घटना को दिया अंजाम, पत्नी ने खाने में मिलाकर खिलाई थीं नशे की गोलियां
मृतक के भाई का आरोप है कि केहर सिंह की पत्नी के पिंटू सिंह नाम के युवक से अवैध संबंध हैं। इन दोनों के संबंधों की जानकारी केहर सिंह को हो गई थी, जिसकी वजह से इन दोनों ने उसे रास्ते से हटाने का प्लान तैयार कर लिया। साजिश के तहत पत्नी ने शाम को खाने के साथ केहर सिंह को नींद की गोलियां खिला दी थीं, जिससे वह रात को बेसुध होकर सो गया। सोते समय रस्सी से उसका गला घोंटा और आत्महत्या दर्शाने के लिए शव को फंदे पर लटका दिया।
भाई ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी पर लिखाई एफआईआर
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मामला आत्महत्या के बजाय हत्या जैसा निकाला तो पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने केहर सिंह के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर आरोपी रेखा और पिंटू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस सूत्रों के अनुसार शुरुआत में रेखा टालमटोल करती रही, लेकिन पुलिस के थोड़ी सख्ती करने पर वह टूट गई। पुलिस को रेखा ने बताया कि उसने खाने में जहर मिलाया था। फिर प्रेमी पिंटू के साथ मिलकर केहर सिंह का गला घोंट दिया और आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पंखे पर लटका दिया।
मृतक की पत्नी और उसका प्रेमी भेजे गए जेल
एसपी उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि मृतक की आरोपी पत्नी रेखा और उसके प्रेमी पिंटू को राजश्री मेडिकल कॉलेज के पास से गिरफ्तार किया गया है। लिखा पढ़ी के बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से कोर्ट के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया।