/young-bharat-news/media/media_files/2025/02/13/LzsUT5lPz5kafo07zbIs.jpg)
बरेली, वाईबीएन संवाददाता
बरेली के मोहल्ला सुभाषनगर से तीन दिन पहले लापता हुए दो बच्चों के शव रामगंगा डैम के पास पानी पर उतराती मिले। उनकी मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चल पाएगी, लेकिन पुलिस नहाने के दौरान हादसा होना मान रही है। उधर, घटना का पता लगने पर दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।
27 मार्च को लापता हुए थे दोनों बच्चे, तलाशते रहे परिजन
शहर के मोहल्ला सुभाषनगर रामऔतार वाली गली में रहने वाला 17 वर्षीय विनीत और उसका दोस्त पड़ोस में सुशीला बिल्डिंग के पास रहने वाला संजय सिंह का 15 वर्षीय बेटा सत्यम बृहस्पतिवार 27 मार्च को दोपहर दो बजे घर से निकले थे, जिसके बाद घर नहीं लौटे। इंतजार करने बाद परिवार वालों ने उनकी तलाश शुरू कर दी, लेकिन कुछ पता नहीं चला। हर संभव प्रयास करने के बावजूद बच्चों का सुराग नहीं लगा तो थाना सुभाषनगर जाकर रिपोर्ट दर्ज करा दी। परिवार वाले शनिवार को भी सुबह से दोनों बच्चों की तलाश में भटक रहे थे।
रामगंगा डैम के पास पानी पर उतराते मिले दोनों के शव
शनिवार 29 मार्च की शाम करीब चार बजे रामगंगा डैम के पास लोगों ने दो लड़कों के शव पानी पर उतराते देखे। इसकी सूचना मिलते ही रामगंगा चौकी पुलिस मौके पर जा पहुंची। इसका पता लगते ही सुभाषनगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह मौके पर जा पहुंचे। नाव की मदद से दोनों बच्चों के शव बाहर निकाले गए। पुलिस ने बच्चों के बारे में आसपास के लोगों से पूछा तो कुछ पता नहीं चला। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए। पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त विनीत और सत्यम के रूप में की।
नहाने के दौरान हादसा होने की आशंका, स्वीमिंग पुल की तलाश में निकले थे
पुलिस का कहना है कि रामगंगा से शव निकालने के समय दोनों बच्चे खाली नेकर पहने थे। इससे लगता है कि दोनों नहाने के लिए रामगंगा में घुसे होंगे। उसी दौरान हादसे का शिकार हो गए। जांच के दौरान यह भी पता चला कि दोनों स्वीमिंग पूल के बारे में पूछ रहे थे। सुभाषनगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र ने बताया कि बच्चों की मौत कैसे हुई इसकी जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी। फिलहाल हर बिंदु पर मामले की जांच की जा रही है।
घर का इकलौता बेटा था विनीत, मां की हो चुकी है मौत
विनीत अपने घर की इकलौती संतान था। मां की मौत के बाद वह अपनी ननिहाल में मौसी ममता के साथ रहता था। विनीत के बहनोई सतीश कुमार ने बताया कि मोहल्ले के कुछ और लड़के भी साथ में गए थे, लेकिन उन्होंने घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। पुलिस इन लड़कों से घटना के बारे में पूछताछ कर सकती है।