बरेली, वाईबीएन संवाददाता
जनपद पीलीभीत के घुंघचिहाई थाने में पुलिस कस्टडी के दौरान एक युवक की तबीयत बिगड़ गई। उसे फौरन अस्पताल ले जाकर भर्ती करा दिया गया। बताते हैं कि युवक को अवैध खनन करने के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया था। जानकारी मिलने पर पहुंचे परिवार वालों ने एक दरोगा पर पिटाई करने का आरोप लगाया।
घुंघचिहाई पुलिस ने अवैध खनन के आरोप में पकड़ा था युवक
पीलीभीत के घुंघचिहाई थाना क्षेत्र में पिछले 15 दिनों से अवैध रूप से मिट्टी का खनन चल रहा था। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने शनिवार सुबह गांव सिमरिया में दबिश देकर राजेंद्र नाम के युवक को हिरासत में ले लिया। उसका ट्रैक्टर थाने ले जाकर सीज कर दिया गया। इस मामले को लेकर जांच पड़ताल चल रही थी। इस बीच युवक को छुड़ाने के लिए कुछ सिफारिशी भी थाने जा पहुंच गए।
परिजनों ने युवक को अस्पताल में भर्ती कराया
इसी बीच पुलिस हिरासत में अचानक राजेंद्र की तबीयत बिगड़ गई। उसकी हालत देखकर पुलिस कर्मी घबरा गए। पुलिस ने फौरन परिवार वालों को थाने बुलाया। उन्होंने दरोगा पर राजेंद्र को पीटने का आरोप लगाया। परिवार वाले युवक को उठाकर अस्पताल ले गए और भर्ती करा दिया। इंस्पेक्टर प्रकाश सिंह ने बताया कि युवक को मिट्टी खनन के मामले में पूछताछ के लिए बुलाया था। अचानक दौरा आने के कारण उसकी हालत बिगड़ गई। इसकी सूचना उसके परिजनों को दे दी गई थी। परिजन उसे अस्पताल ले गए है।