Advertisment

रेलवे : भइया दूज और छठ पूजा पर इज्जतनगर मंडल ने चलाईं 45 स्पेश्ल पूजा ट्रेनें

पूर्वोत्तर रेलवे ने दीपावली एवं छठ पर यात्रियों की भीड़ के मद्देनजर 45 अतिरिक्त ट्रेनें चलाई गई हैं। ये ट्रेनें विभिन्न रेलवे स्टेशनों से होकर प्रमुख शहरों के लिए होंगी

author-image
Sudhakar Shukla
दीपावली, भइया दूज और छठ पूजा पर पूजा स्पेशल ट्रेन

दीपावली, भइया दूज और छठ पूजा पर पूजा स्पेशल ट्रेन

वाईबीएन संवाददाता बरेली।

पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन की तरफ से महापर्व दीपावली एवं छठ त्यौहारों पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए इज्जतनगर मंडल में 45 अतिरिक्त ट्रेनें चलाई गई हैं। देश के विभिन्न रेलवे स्टेशनों से महानगरों एवं प्रमुख नगरों के लिये विशेष पूजा ट्रेनें चलाई जा रही हैं। पूजा ट्रेनों के माध्यम से महापर्व दीपावाली, भइया दूज एवं छठ पूजा पर आम नागरिकों की यात्रा सुगम हुई है। यात्रियों की बढ़ती संख्या के अनुरूप अधिक संख्या में विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इज्जतनगर मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों से देश के प्रमख शहरों और कस्बों जैसें-लालकुआँ से राजकोट, कोलकाता, वीरांगना लक्ष्मीबाई जं. झाँसी एवं प्रयागराज जं. तथा टनकपुर से अछनेरा एवं काठगोदाम से मुम्बई सेन्ट्रल के मध्य पूजा विशेष ट्रेनें चलने लगी हैं। ये सभी विशेष ट्रेनें इस मंडल को देश के प्रमुख महानगरों यथा-कोलकता, मुंबई, बेंगलुरु, अहमदाबाद, झांसी, राजकोट, वाराणसी, लखनऊ एवं प्रयागराज से सीधे जोड़ती है। यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए सुलभ एवं सुविधाजनक रेल संपर्क उपलब्ध हुआ है। ट्रेनों के संचालन से मार्गवर्ती स्टेशनों के यात्रियों को जाने/आने में सुविधा हो रही है। 

इज्जतनगर मंडल से प्रतिदिन औसतन 45 मेल/एक्सप्रेस ट्रेने संचालित होने से यात्रियों को राहत मिली है। इन ट्रेनों में सामान्य, द्वितीय एवं एयर कंडीशन की सुविधा उपलब्ध है। ट्रेनों हर वर्ग के यात्रियों को उनकी आवश्यकतानुसार यात्रा का विकल्प मिलता है। ये ट्रेनें मंडल को कई महत्वपूर्ण महानगरों-जम्मू, चंडीगढ़, मुंबई, कोलकाता, बेंगलुरु, जैसलमेर, सिंगरौली, शक्तिनगर, नई दिल्ली, दौराई, राजकोट, लखनऊ एवं गोरखपुर को जोड़ती है। इज्जतनगर मंडल की ट्रेनों में हाल ही में कुल 46 कोचों की वृद्धि की गई। इतना ही नहीं, यहां से कुल 5 मेमों और डेमों रेकों का संचालन किया जा रहा है। प्रत्येक रेक में अब पहले से अधिक यानि 12 कोच लगाये गये है। प्रति कोच 80 के आधार पर प्रतिदिन लगभग 12,000 यात्रियों की आवागमन क्षमता में वृद्धि हुई है। यह सुविधा बरेली सिटी-टनकपुर-रामनगर-मुरादाबाद-लालकुआँ सर्किट में उपलब्ध करायी गई है। इससे क्षेत्रीय यात्रियों, विद्यार्थियों एवं पर्यटकों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। जिसके फलस्वरुप भीड़ में कमी, समयपालन में सुधार एवं यात्रियों की संतुष्टि में वृद्धि हुई है।

प्रतिवर्ष दीपावली, गोवर्धन पूजा एवं छठ त्यौहारों पर देश भर से बड़ी संख्या में लोग इस क्षेत्र में आते हैं। उत्तर भारत और खासतौर बिहार के नागरिकों के लिये ये त्यौहार न केवल धार्मिक महत्व रखते हैं, बल्कि परिवार से मिलने का भी एक विशेष अवसर होता है। त्यौहारों के दौरान यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुये रेल यात्रियों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए पूजा विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इन सेवाओं के माध्यम से न केवल उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए सुविधाजनक एवं सीधा रेल संपर्क प्राप्त हुआ है, बल्कि व्यापार, शिक्षा, पर्यटन एवं सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी गति मिली है। इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजीव शर्मा ने बताया कि रेलवे अपने यात्रियों को सुगम यात्रा कराने के लिए सदैव प्रयासरत है।

Advertisment
Advertisment