/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/24/acqO8z2b4zOGX6xPvPSc.jpg)
पाकिस्तान के कराची से 45 दिन के वीजा पर अपनी मां को देखने बरेली आईं शहनाज शाहिद की वापसी में अड़चन आ रही है। दरअसल, शहनाज का वीजा और पासपोर्ट ट्रेन में चोरी हो गया था, जिसकी जांच रामपुर जीआरपी कर रही है। बरेली पुलिस प्रशासन के सामने यह समस्या है कि शहनाज को पाकिस्तान भेजे तो कैसे। शासन का आदेश आने के बाद शहनाज की वापसी को लेकर वैकल्पिक इंतजाम के बारे में विचार किया जा रहा है।
24 मार्च को बरेली अपने मायके आई थी शहनाज
शहनाज 24 मार्च 2024 को बरेली शहर के शाहदाना स्थित अपने मायके भाई सलीम के घर आई थी। करीब 40 साल पहले उनकी शादी पाकिस्तान के कराची निवासी शाहिद हुसैन से हुई थी। वहां कराची में उनका पूरा परिवार रहता है। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार ने सख्त फैसले लिए हैं। इसके तहत अनाधिकृत रूप से भारत में रह रहे पाकिस्तानियों को उनके देश वापस भेजना भी है।
जिले में रह रहे 34 पाकिस्तानी, भेजे जाएंगे वापस
सरकार के फैसले के बाद शहनाज को भी 48 घंटे में भारत छोड़ना पड़ सकता है। वैसे तो जिले में 34 अन्य पाकिस्तानी रह रहे हैं, लेकिन वह लॉन्ग वीजा पर आए हुए हैं। शहनाज को छह मई को वापस पाकिस्तान जाना था। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडे ने टीम के साथ शहनाज के मायके जाकर उनसे जानकारी ली।
शहनाज बोली-मुझे पाकिस्तान जाने में कोई ऐतराज नहीं
शहनाज ने उनसे कहा कि वह अपनी मां से मिलने आई थीं। उन्हें पाकिस्तान जाने में कोई समस्या नहीं है, जब चाहे तब भेज दिया जाए। सूत्रों की माने तो पुलिस प्रशासन के अधिकारी दूतावास के अधिकारियों के संपर्क में हैं। शहनाज को एक-दो दिन में ही दिल्ली भेज दिया जाएगा। वहां से दूतावास के जरिए उन्हें पाकिस्तान भेजने की कार्रवाई की जाएगी।