/young-bharat-news/media/media_files/2025/05/18/fkuI8G0r2LGBTdYUSpO9.jpg)
भाजपा सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार के भतीजे दुष्यंत गंगवार और बहेड़ी के ब्लॉक प्रमुख पति चौधरी आराम सिंह के बीच सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो से छिड़ा विवाद नए मोड़ पर पहुंच गया है। दुष्यंत गंगवार की तरफ से एफआईआर दर्ज कराने के बाद ब्लॉक प्रमुख पति चौधरी आराम सिंह ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्ढा को पत्र लिखकर भाजपा सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार और उनके भतीजे दुष्यंत गंगवार पर बहेड़ी के सपा विधायक अताउर्रहमान से मिलकर जमीनों पर कब्जा करने समेत तमाम गंभीर आरोप लगाए हैं। इसके साथ ही ब्लॉक प्रमुख पति ने सांसद और उनके भतीजे के अलावा उत्तराखंड सरकार के कुछ मंत्रियों से अपने परिवार की जान को खतरा बताया। यह पत्र सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। हालांकि सांसद के भतीजे दुष्यंत गंगवार ने ब्लॉक प्रमुख पति के आरोपों को निराधार और तथ्यहीन बताया।
दो दिन पहले बहेड़ी के ब्लॉक प्रमुख पति चौधरी आराम सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उस वीडियो में उन्होंने भाजपा सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार और उनके भतीजे दुष्यंत गंगवार को भू-माफिया, बच्चा माफिया और समाज माफिया जैसे शब्द गढ़कर उन पर तमाम गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद सांसद के भतीजे दुष्यंत गंगवार ने ब्लॉक प्रमुख पति चौधरी आराम सिंह पर बहेड़ी थाने में एफआईआर दर्ज करा दी थी। अपने ऊपर एफआईआर दर्ज होने से खिसियाए ब्लॉक प्रमुख पति चौधरी आराम सिंह ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्ढा और महामंत्री संगठन सुनील बंसल को चार पेज का पत्र लिखा। उसमें चौधरी ने भाजपा सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार और उनके भतीजे दुष्यंत गंगवार पर बहेड़ी में रामलीला कमेटी की जमीन पर सपा विधायक अताउर्रहमान से मिलकर मुस्लिमों को कब्जा कराने, हाईवे के किनारे की जमीन हथियाने, किच्छा नदी से अवैध खनन, कोटेदारों से कमीशन वसूली, बिरिया में स्टोन क्रेशर का रेत का व्यापार करने, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्रियों से मिलकर जलाशयों का ठेका लेने, नामी शराब कारोबारी से मिलकर करोड़ों रुपए कमाने की बात कही। हालांकि जब चौधरी आराम सिंह से जब इन आरोपों के संबंध में बात करके पुष्टि करने की कोशिश की तो उन्होंने कहा कि वह इस बारे में विस्तार से बातचीत बाद में करेंगे। वहीं भाजपा सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार के भतीजे दुष्यंत गंगवार ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख पति चौधरी आराम सिंह को उनके चाचा सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने ब्लॉक प्रमुख बनवाया। वह हमेशा दल बदलते रहे। कभी भाजपा-सपा तो कभी बसपा से चुनाव लड़े। अब संघ में होने की बात कहकर उनको और उनके चाचा सांसद छत्रपाल गंगवार को झूठे आरोप लगाकर बदनाम करने में लगे हैं। उनके आरोपों में कोई दम नहीं है। अर्नगल आरोप लगाने के लिए ही उन पर एफआईआर दर्ज कराई गई है।
उत्तराखंड सरकार के मंत्रियों से जान का खतरा
बहेड़ी के ब्लॉक प्रमुख पति चौधरी आराम सिंह ने कहा कि उनके परिवार को भाजपा सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार, उनके भतीजे दुष्यंत गंगवार समेत उत्तराखंड में उनके पार्टनरशिप में व्यापार करने वालों से जान का खतरा है। उनका कहना है कि उत्तराखंड में उनका भी व्यापार चलता है। इसलिए, कभी भी उनकी हत्या कराई जा सकती है। हालांकि भाजपा सांसद के भतीजे दुष्यंत गंगवार ने कहा कि ब्लॉक प्रमुख हर समय नशे में रहते हैं। वह अर्नगल बातें करते हैं। कोई उनकी हत्या क्यों कराना चाहेगा। सपा विधायक अताउर्रहमान ने इस मसले की किसी तरह की टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।