/young-bharat-news/media/media_files/2025/06/13/58Fd16J2BnXsDFxT4TpU.jpeg)
घंटों गुल रही बिजली, Photograph: ((इंटरनेट मीडिया)
खराब हुई 33 केवी ट्रांसमिशन लाइन को बिजली कर्मियों ने शुक्रवार देर रात दुरुस्त कर दिया, लेकिन लोकल फाल्ट ने तड़के चार बजे तक उपभोक्ताओं को परेशान किया। इस दौरान रामपुर बाग व सिंधु नगर फीडर पर सबसे अधिक परेशानी हुई है।
ट्रांसमिशन लाइन फेल होने से शुक्रवार रात 10 बजे सिविल लाइंस प्रथम, द्वितीय, तृतीय, सदर कैंट व कुतुबखाना उपकेंद्रों की आपूर्ति ठप हो गई थी। अधिकारियों के मुताबिक, रात 12:30 बजे लाइन को ठीक कर आपूर्ति को सुचारु कर दिया गया। हालांकि, इसके बाद भी कई इलाकों में लोकल फाल्ट, ट्रिपिंग व लो वोल्टेज की समस्या रही। सिविल लाइंस तृतीय, सदर कैंट व कुतुबखाना उपकेंद्र के कई फीडरों से पोषित इलाकों के लोग परेशान हुए। शनिवार को तड़के चार बजे शहर की बिजली आपूर्ति पूरी तरह पटरी पर आ सकी।
आजादनगर के लोगों ने भी झेली कटौती
33 केवी लाइन ठीक होने के बाद सिविल लाइंस तृतीय उपकेंद्र से पोषित सिंधुनगर फीडर से जुड़े आजादनगर में सुबह चार बजे तक उपभोक्ता परेशान रहे। फाल्ट ठीक होने के बाद फीडर खोला तो आजादनगर में बिजली नहीं पहुंची। इसके बाद कर्मचारियों ने पेट्रोलिंग कर फाल्ट को तलाशा। शटडाउन लेकर उसे ठीक किया गया। इस दौरान सिंधुनगर, श्यामगंज, सेटेलाइट, कटरा चांद खां इलाके की बिजली गुल रही। कैंट व कुतुबखाना इलाकों में लो वोल्टेज की समस्या बरकरार रही। ट्रिपिंग ने भी लोगों को खासा परेशान किया। बड़ी बमनपुरी, बड़ा बाजार, कुमार टाकीज, कोहाड़ापीर और पुराना रोडवेज इलाकों से उपभोक्ताओं ने लो वोल्टेज की शिकायतें दर्ज कराईं। कैंट के सदर बाजार में ट्रिपिंग की शिकायतें रहीं।