/young-bharat-news/media/media_files/2025/05/31/nhbxCAnkb7lyXfeYJ88q.jpg)
बरेली के कैंट थाना पुलिस ने 24 घंटे में संकित चौहान की हत्या का खुलासा कर दिया। संकित चौहान की हत्या उसके दोस्तों ने ही की थी। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद चारों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें दो आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी अमन उर्फ रितिक खुद को बड़ा गुंडा साबित करना चाहता था। इसी को लेकर हुई बहस के बाद उसने संकित को ठिकाने लगा दिया।
कैंट इलाके में 29 मई की रात की गई थी संकित की हत्या
संकित चौहान पीलीभीत बाईपास रोड स्थित अशोक नगर कॉलोनी का रहने वाला था। वह पीलीभीत बाईपास रोड स्थित मेडिसिटी अस्पताल के सामने पराग डेयरी की दुकान पर काम करता था। गुरुवार रात करीब 11 बजे तक वह दुकान पर रहा। दुकान से जाने के बाद वह लापता हो गया था। शुक्रवार सुबह 30 मई की सुबह कैंट इलाके में मोहनपुर पंचायतघर के पास संकित का शव पड़ा मिला था। उसके सीने में गोली लगी हुई थी।
साथ बैठकर दारू पार्टी करते थे पांचों दोस्त
कैंट थाने में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एसपी सिटी मानुष पारीक ने बताया कि संकित चौहान, नकटिया की डिफेंस कॉलोनी निवासी अमर उर्फ रितिक पुत्र रामौतार, कैंट इलाके के चनेहटा निवासी जावेद पुत्र जाहिद अली, इज्जतनगर इलाके के गांव मुड़िया अहमदनगर का आशीष उर्फ सोनू पुत्र सुरेंद्र और फरीदपुर इलाके के सरकड़ा गांव निवासी अंशू पुत्र कृष्णपाल पांचों आपस में दोस्त थे। सभी साथ बैठक शराब पीते थे।
कौन बड़ा गुंडा है, इस पर हुई थी अमन और संकित में बहस
एसपी सिटी के मुताबिक शराब पीने के दौरान अमन ने खुद को पांचों में सबसे बड़ा गुंडा बताया। इसको लेकर अमन और संकित चौहान के बीच बहस हो गई। इतनी सी बात पर अमन ने खुद को बड़ा गुंडा साबित करने के लिए संकित को ठिकाने लगाने मन बना लिया।
पहले साथ बैठकर शराब पी, फिर संकित के सीने में गोली मार दी
एसपी सिटी ने बताया कि 29 मई की रात पांचों दोस्तों ने साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद अमन सभी को कैंट इलाके में मोहनपुर पंचायत घर के पास ले गया। इसके बाद अमन किसी बहाने से अपने घर गया और तमंचा लेकर लौटा। वहां लौटते ही उसने संकित के सीने में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। इसके बाद चारों दोस्त संकित की लाश छोड़कर फरार हो गए।
घुटने में गोली लगने से हत्यारोपी अमन और जावेद घायल
एसपी सिटी ने बताया कि शुक्रवार रात पुलिस ने कैंट इलाके में मुठभेड़ के दौरान घुटने में गोली लगने से हत्यारोपी अमन और जावेद घायल हो गए। इसी दौरान पुलिस ने अमन, जावेद, आशीष और अंशू चारों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास दो तमंचे और घटना के दौरान प्रयोग की गईं दो बाइकें बरामद हुईं। घायल आरोपी अमन और जावेद को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। शनिवार को अदालत में पेश करने के बाद चारों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
हिस्ट्रीशीटर बदमाश हैं हत्यारोपी अमन और जावेद
संकित की हत्या के मुख्य आरोपी अमन उर्फ रितिक के खिलाफ 10 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें एक हत्या का मुकदमा भी है। वहीं, जावेद के खिलाफ छह मुकदमे हैं। दोनों हिस्ट्रीशीटर हैं। पुलिस बाकी दोनों का आपराधिक रिकार्ड खंगाल रही है।
मुख्य आरोपी अमन ने चार महीने पहले किया था प्रेम विवाह
संकित की हत्या के मुख्य आरोपी अमन ने चार माह पहले युक्ति से प्रेम विवाह किया था। प्रेमिका को अमन के हिस्ट्रीशीटर होने और जेल जानकारी नहीं थी। है वह उसकी प्रेम जाल में फंस गई और उसने शादी कर ली। उसकी पत्नी युक्ति शादी से पहले बच्चों को डांस सिखाती थी।