/young-bharat-news/media/media_files/2025/04/10/dIXL07vL6mZs1d2ZmX0Q.jpg)
बरेली, वाईबीएन संवाददाता
बरेली के मेयर और उनके बेटे को फंसाने के लिए महिला ने संजयनगर के झोलाछाप से अपने सोल्डर में तमंचे की गोली प्लांट कराई थी। तमंचे की चली हुई गोली जिला अस्पताल के एक कर्मचारी ने 10 हजार रुपये में लाकर दी थी। एसपी सिटी मानुष पारीक के निर्देशन और सीओ सिटी पंकज श्रीवास्तव के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने मामले की गहनता से जांच की तो महिला की कहानी से पूरी तरह पर्दा उठ गया। पुलिस साजिश रचने वाली महिला, जिला अस्पताल के कर्मचारी और झोलाछाप को जेल भेजने की तैयारी में है।
महिला ने पुलिस और मीडिया के सामने सुनाई थी यह कहानी
इज्जतनगर थाना क्षेत्र में सौफुटा रोड स्थित वीर सावरकर नगर कॉलोनी निवासी महिला 30 मार्च की रात करीब आठ बजे गांधी उद्यान के पीछे घायल हालत में मिली थी। इसकी सूचना मिलने पर पहुंची कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। महिला ने पुलिस को बताया कि कार सवार युवकों ने उसे तीन सौ बेड अस्पताल के सामने से अपहरण करने करने के बाद चलती कार में गोली मार दी और उसे सड़क पर उतारकर फरार हो गए। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती करा दिया। अपनी बात को सही साबित करने के लिए महिला प्राइवेट अस्पताल जाना चाहती थी। इससे अगले दिन उसने जिला अस्पताल में हंगामा किया। मीडिया के सामने गैंगरेप की कहानी सुनाई। बताया कि उसे कार सवार चार लोगों ने अगवा किया था। चलती कार में उसके साथ तीन लोगों ने रेप किया। उनमें एक युवक के फोन पर मेयर के बेटे से बात करने का आरोप भी लगाया था।
कोतवाली पुलिस की जांच में सामने आई असलियत
महिला ने 2022 में नगर निकाय चुनाव से पहले मेयर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। उस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हो पाई थी। इसलिए महिला मेयर को दोबारा फंसाना चाहती थी। महिला की जिला अस्पताल के एक कर्मचारी से अच्छी जान पहचान थी। उसके बातचीत करने पर कर्मचारी ने गोली मरवाने और बलात्कार के आरोप में पिता-पुत्र को फंसाने की सलाह दी। इसमें पूरी मदद करने का भरोसा भी उसने दिया था।
जिला अस्पताल के कर्मचारी ने लाकर दी थी तमंचे की गोली
पुलिस सूत्रों के अनुसार महिला को तमंचे की चली हुई गोली जिला अस्पताल के कर्मचारी ने ही लाकर दी। इसके बदले उसने महिला से 10 हजार रुपये लिए थे। उसी ने महिला को संजयनगर एक झोलाछाप के क्लीनिक पर भेजा था। झोलाछाप ने महिला के सोल्डर पर चीरा लगाने के बाद तमंचे की गोली प्लांट की। इसके एवज में झोलाछाप ने पांच हजार रुपये लिए थे। इसके बाद महिला ने गांधी उद्यान के पीछे जाकर गोली मारने का शोर मचाया।
पुलिस कर रही आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी
घटना का राज खुलने के बाद कोतवाली पुलिस ने जिला अस्पताल के आरोपी कर्मचारी को हिरासत में ले लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। महिला के गोली प्लांट करने वाले झोलाछाप को भी पुलिस तलाश रही है। आरोपी महिला पहले दिन से पुलिस की निगरानी में है। पुलिस महिला समेत तीनों आरोपियों को जेल भेजने की तैयारी में है।