/young-bharat-news/media/media_files/2025/02/28/YGF1FROtUW3T7e0tVWdI.jpg)
बरेली,वाईबीएनसंवाददाता
जिले में गर्मी ने अब अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। बीते एक सप्ताह से तापमान में निरंतर इजाफा दर्ज किया जा रहा है। बीते चार दिनों से अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच चुका है। और तेज धूप व लू जैसे हालातों के कारण लोगों को 40 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक गर्मी का अहसास हो रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने राहत की खबर दी है। आगामी दो दिनों तक तापमान में और वृद्धि के साथ मंगलवार को तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसके बाद चार दिन तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। जिससे लोगों को तपती गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
तेज धूप और गर्म हवाओं ने किया शहर वीरान, बाजारों में पसरा सन्नाटा
रविवार को तेज गर्मी के चलते दोपहर में शहर के प्रमुख बाजारों जैसे कुतुबखाना, श्यामगंज, सिविल लाइंस, राजेंद्र नगर आदि इलाकों में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। लोग धूप से बचने के लिए घरों में ही रहे और जो जरूरी कार्यों से बाहर निकले, उन्होंने चेहरे और सिर को कपड़ों से अच्छी तरह ढक रखा था। भीषण गर्मी के कारण रिक्शा चालक और अन्य मेहनतकश लोग भी काम छोड़कर पेड़ों की छांव में सुस्ताते नजर आए। गर्म हवाओं के बीच लोगों ने ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेकर राहत पाने की कोशिश की।
जिले में गर्मी का जोर, पारा चढ़ा 37.2 डिग्री पार
रविवार को जिले में मौसम का मिजाज गर्म रहा। जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक 37.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.9 डिग्री कम 17.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में नमी की मात्रा सुबह 44 प्रतिशत और शाम को घटकर 29 प्रतिशत रह गई।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 8 अप्रैल को तेज गर्म हवाएं 12 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने की संभावना है।
9 से 12 अप्रैल के बीच बारिश के आसार हैं। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान घटकर 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान बढ़कर 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।