/young-bharat-news/media/media_files/2025/07/12/vad-2025-07-12-08-16-19.jpg)
करीब तीन वर्ष पूर्व नगर निगम की ओर से सेटेलाइट बस अड्डे के सामने सड़क के दूसरी तरफ बसाए गए वेंडिंग जोन में जीविकोपार्जन कर रहे वेंडरों की मुसीबत बढ़ने वाली हैं। कैंट बोर्ड ने संबंधित भूमि पर दावा कर वेंडर्स से जबाव तलब किया है। कार्रवाई की हिदायत दी है।
कैंट बोर्ड की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक छावनी परिषद के फील्ड स्टाफ के सर्वे में पता चला है कि सेटेलाइट बस अड्डा के पास छावनी सीमा के अंदर स्थित चिन्हित स्थल पर सरकारी भूमि, सार्वजनिक स्थल पर बगैर किसी सक्षम प्राधिकार, कैंट बोर्ड की अनुमति के सामान रखकर व्यवसाय किया जा रहा है। जो टेम्परेरी ऑक्यूपेशन ऑफ स्ट्रीट, लैंड, एंक्रोचमेंट की श्रेणी में है। यह छावनी परिषद 2006 के धारा 257, 277, 289 (1) (सी) का उल्लंघन है। किस प्राधिकार से छावनी परिषद की भूमि पर संबंधित व्यवसाय किया जा रहा है, इस पर स्पष्टीकरण मांगा है।
सात दिन में अगर जबाव न मिला तो छावनी अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संबंधित नोटिस मिलने पर वेंडरों में हड़कंप मच गया है। उन्हें जीविका छिनने की दहशत सता रही है। समस्या निवारण के लिए वेंडर जल्द नगर निगम के अधिकारियों से मिलने पहुंचेंगे।
करीब डेढ़ सौ से ज्यादा संचालित हैं दुकानें
सेटेलाइट बस अड्डा के सामने वर्ष 2022 में वेंडिंग जोन बसा था। सभी वेंडर्स को नगर निगम के नगर आयुक्त, डूडा के परियोजना अधिकारी के संयुक्त हस्ताक्षर से शहरी पथ विक्रेता का प्रमाण पत्र मिला था। इसके लिए दो सौ रुपये शुल्क लिया गया था। वेंडर्स के मुताबिक प्रतिवर्ष नगर निगम की टीम शुल्क वसूल रही है। वर्तमान में इस वेंडिंग जोन में करीब डेढ़ सौ से ज्यादा वेंडर्स विभिन्न खाद्य पदार्थों की दुकान लगा रहे हैं।
दावा सही तो हटेगा सेटेलाइट से वेंडिंग जोन
कैंट बोर्ड द्वारा जारी नोटिस ने वर्ष 2022 में वेंडिंग जोन निर्धारण के दौरान तत्कालीन अफसरों की मुस्तैदी पर सवाल लगा दिया है। बिना पैमाइश या सर्वे खाली स्थान पर वेंडिंग जोन बसा दिया। खामियाजा अब वेंडर्स भुगतेंगे। नोटिस का जबाव तैयार करने के लिए वेंडर्स नगर निगम का चक्कर काटेंगे। कैंट बोर्ड ने सर्वे के बाद नोटिस थमाया है, लिहाजा वेंडिंग जोन खत्म होने और दुकान संचालन पर अड़चन की आशंका है। छावनी परिषद के सीईओ रविंद्र ने बताया कि कैंट बोर्ड की भूमि पर व्यवसायिक गतिविधि की जानकारी पर नोटिस दी गई है। पूछा है कि किस प्राधिकार के तहत कारोबार हो रहा है। जबाव के आधार पर कार्रवाई होगी। नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने बताया कि वेंडर्स को कैंट बोर्ड की ओर से नोटिस जारी होने की जानकारी मिली है। वेंडिंग जोन जहां है, कैंट बोर्ड उसे स्थान को अपनी भूमि बता रहे हैं। इसे दिखवाया जाएगा। ,