/young-bharat-news/media/media_files/2025/02/28/YGF1FROtUW3T7e0tVWdI.jpg)
बरेली,वाईबीएनसंवाददाता
बरेली। फरवरी के अंतिम दिन, सर्दी के मौसम के आखिरी महीने में, शहरवासियों ने ठंड का अच्छा एहसास किया। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण आसमान पर घने बादल छाए रहे। तेज रफ्तार से चली ठंडी हवाओं और रुक-रुक कर हुई बूंदाबांदी ने सर्दी को और बढ़ा दिया, जिससे लोगों को एक बार फिर गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा।
धूप न निकलने के कारण तापमान में गिरावट
शनिवार को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बने रहने की संभावना है। हिमालय क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर लगातार दूसरे दिन मुरादाबाद के मौसम पर दिखा। गुरुवार की तरह शुक्रवार को भी आसमान घने बादलों से ढका रहा और तेज रफ्तार से ठंडी हवाएं चलती रहीं। धूप न निकलने के कारण ठंड का असर और बढ़ गया, जिससे लोगों को सर्दी का अहसास ज्यादा हुआ।
मौसम के बदले तेवर, फिर लौटाई सर्दी
पिछले दिनों बिना गर्म कपड़ों के दिन बिताने वाले लोग, मौसम के बदले तेवर के कारण फिर से गर्म कपड़ों में नजर आए। दोपहिया वाहन सवारों ने लौट आई ठंड को ज्यादा शिद्दत से महसूस किया। शुक्रवार को बरेली में अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा। बादलों की मौजूदगी के कारण रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई, और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से तीन डिग्री अधिक रहा। इससे पहले, गुरुवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था।
शनिवार को भी बरकरार रहेगी ठंड
मौसम विभाग ने शनिवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना जताई है। अगले 24 घंटों के भीतर रात के न्यूनतम तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो सकता है, जिससे ठंड में हल्का इजाफा होने की संभावना है।