/young-bharat-news/media/media_files/2025/02/28/YGF1FROtUW3T7e0tVWdI.jpg)
बरेली,वाईबीएनसंवाददाता
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बरेली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए आगामी दिनों में हीटवेव (लू) को लेकर अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से 7 से 9 अप्रैल के बीच बरेली में तीव्र गर्मी का प्रकोप रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने बरेली के लिए 'येलो अलर्ट' घोषित करते हुए नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लोगों को दिन के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और शरीर को ढक कर रखने की अपील की गई है।
बरेली में गर्मी का हाल
बरेली में इस समय तापमान सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच है। मौसम विभाग का कहना है कि 7 और 8 अप्रैल को पारा 40 डिग्री तक जा सकता है, जिससे बरेली में हीटवेव जैसे हालात बन सकते हैं। बरेली में न्यूनतम तापमान अभी 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जो सामान्य के करीब है, लेकिन अधिकतम तापमान 1 से 3 डिग्री ज्यादा है। बीते 24 घंटों में 8 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। आसमान साफ बना हुआ है, जिससे धूप तेज महसूस हो रही है।