/young-bharat-news/media/media_files/2025/02/13/LzsUT5lPz5kafo07zbIs.jpg)
बरेली,वाईबीएनसंवाददाता
बरेली। बरेली के मढ़ीनाथ मोहल्ले में सरेआम कुछ लोगों ने सब्जी लेकर अपने घर लौट रहे एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद दूसरे युवक ने उसे बचाया तो हमलावरों ने उसे भी घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सुभाषनगर थाना क्षेत्र में मढ़ीनाथ मंदिर के पीछे किराए पर रहने वाले सोनू उर्फ विकास का 22 दिसंबर को देवेंद्र नाम के युवक से विवाद हो गया था। तभी से वह सोनू से रंजिश मानने लगा। पिता श्याम सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम सोनू सब्जी लेकर घर लौट रहा था। तभी उस पर देवेंद्र कश्यप, मिथुन, मनोज, सुरेश, भीमसेन और टेनी आदि ने चाकू से हमला कर दिया। सोनू की चीख सुनकर राहगीर एकत्र होने लगे। वहां मौजूद गौरव ने बीचबचाव किया तो हमलावरों ने उसकी गर्दन पर भी चाकू से हमला कर दिया। हमले में सोनू और गौरव घायल हो गए। भीड़ जमा होते देख आरोपी मौके से फरार हो गए।
जिला अस्पताल पहुंचे एसपी सिटी
इस घटना की सूचना मिलने पर घायलों के परिवार वाले मौके पर जा पहुंचे। इसके बाद दोनों को जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती करा दिया गया। इसका पता लगने पर एसपी सिटी मानुष पारीक ने जिला अस्पताल जाकर घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने थाना सुभाषनगर पुलिस को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस ने दो आरोपी हिरासत में लिए
सुभाषनगर इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी भीमसेन और देवेंद्र को हिरासत में ले लिया है। देवेंद्र का कहना है कि उस पर सोनू ने 22 दिसंबर को हमला किया था। तभी से उनके बीच मनमुटाव चल रहा है। अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।