/young-bharat-news/media/media_files/2025/11/09/bihar-election-second-phase-2025-11-09-08-08-51.jpg)
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण का चुनाव प्रचार आज यानी रविवार शाम थम जाएगा। इसके बाद राज्य की सियासत में चुनावी रैलियों और भाषणों का शोर थम जाएगा और मैदान में रह जाएगी सिर्फ़ मतदाताओं की चुप्पी। अगले 48 घंटे अब उम्मीदवारों और पार्टियों के लिए साइलेंस पीरियड होंगे, जहां जनता को तय करना है कि सत्ता किसे सौंपी जाए।
बिहार चुनाव के दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर 11 नवंबर को मतदान होगा। कुल 1302 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनमें 1165 पुरुष, 136 महिलाएं और 1 थर्ड जेंडर प्रत्याशी शामिल हैं। इनमें 101 सामान्य, 19 अनुसूचित जाति और 2 अनुसूचित जनजाति की सीटें हैं। हर बूथ पर औसतन 815 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
इस चरण में सबसे अधिक 22-22 प्रत्याशी चैनपुर (कैमूर), सासाराम (रोहतास) और गया शहर (गयाजी) सीटों पर हैं, जबकि सबसे कम 5-5 प्रत्याशी लौरिया, चनपटिया, रक्सौल, सुगौली, त्रिवेणीगंज और बनमनखी सीटों पर मैदान में हैं। कुल 45,399 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 40,073 ग्रामीण और 5326 शहरी बूथ हैं। इनमें से 595 बूथ पूरी तरह महिलाओं द्वारा संचालित होंगे, 91 बूथ दिव्यांग जनों द्वारा और 316 मॉडल बूथ के रूप में तैयार किए गए हैं। हर केंद्र पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है ताकि मतदान प्रक्रिया पारदर्शी बनी रहे।
दूसरे चरण में कुल 3,70,13,556 मतदाता वोट डालेंगे, जिनमें 1,95,44,041 पुरुष, 1,74,68,572 महिलाएं और 943 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। सबसे छोटा विधानसभा क्षेत्र मखदुमपुर है, जहां 2,47,574 मतदाता हैं, जबकि सबसे बड़ा हिसुआ क्षेत्र है, जिसमें 3,67,667 मतदाता हैं। गौर करने वाली बात यह है कि सभी 122 सीटों पर मतदाताओं की संख्या दो लाख से अधिक है।
शनिवार को बिहार का सियासी माहौल पूरी तरह गर्म रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस की प्रियंका गांधी, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, आरजेडी नेता तेजस्वी यादव और लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान जैसे दिग्गज नेताओं ने जनसभाओं और रैलियों में पूरी ताकत झोंक दी। हर पार्टी ने आखिरी वक्त तक मतदाताओं को अपने पक्ष में करने की कोशिश की।
अब शाम में प्रचार थम जाएगा, लेकिन असली जंग 11 नवंबर को मतपेटियों में लड़ी जाएगी। सवाल यह है कि जनता किसे मौका देगी, सत्ता को दोहराने वालों को या बदलाव के वादे करने वालों को। बिहार की जनता का फैसला ही तय करेगा कि सत्ता का ताज किसे मिलेगा।
Bihar news | Bihar news 2025 | Bihar News Hindi | bihar newslive | bihar election 2025 | Bihar election 2025 analysis | Bihar election 2025 impact | bihar election 2025 live | Bihar Election 2025 News
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us