/young-bharat-news/media/media_files/2025/02/27/ecdkYJYqUMJ0ZX2chfqt.jpg)
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तीसरे चरण में जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे राजनीतिक माहौल और तीखा होता जा रहा है। सोमवार को मुजफ्फरपुर की राजनीति का पारा और बढ़ने वाला है, क्योंकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज इस ऐतिहासिक शहर में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
आदित्यनाथ मुजफ्फरपुर क्लब मैदान में रैली करेंगे
सुबह 11 बजे मुजफ्फरपुर क्लब मैदान में आयोजित इस रैली में योगी आदित्यनाथ बीजेपी प्रत्याशी रंजन कुमार के समर्थन में जनता से वोट की अपील करेंगे। मुजफ्फरपुर विधानसभा सीट इस बार बिहार की सबसे हॉट सीटों में गिनी जा रही है। लगभग 3.5 लाख मतदाताओं वाली यह सीट हमेशा से राजनीतिक रूप से अनिश्चित मानी जाती रही है। यहां महागठबंधन की ओर से कांग्रेस ने 2020 में ऐतिहासिक वापसी की थी, जब उसने करीब तीन दशक बाद जीत दर्ज की थी। मौजूदा विधायक विजेंद्र चौधरी ने भाजपा उम्मीदवार सुरेश कुमार शर्मा को हराकर कांग्रेस के लिए यह सीट दोबारा हासिल की थी।
इतिहास बताता है कि मुजफ्फरपुर की राजनीति कभी एकतरफा नहीं रही। 1952 में हुए पहले विधानसभा चुनाव में शिव नंदा यहां के पहले विधायक बने थे, और तब से अब तक यह सीट अपने अप्रत्याशित नतीजों के लिए जानी जाती है। पिछले बीस वर्षों में भाजपा और कांग्रेस के बीच यहां कांटे की टक्कर देखी गई है। विजेंद्र चौधरी पांच बार विधायक बन चुके हैं, जबकि सुरेश कुमार शर्मा भी दो बार इस सीट पर जीत दर्ज कर चुके हैं।
मुजफ्फरपुर की सियासत में जातीय समीकरण भी अहम भूमिका निभाते हैं। यहां भूमिहार, कायस्थ, यादव और मुस्लिम वोटर्स की संख्या उल्लेखनीय है। भाजपा इस बार रंजन कुमार को उतारकर युवा चेहरा और विकास एजेंडा दोनों को एक साथ प्रस्तुत कर रही है। वहीं कांग्रेस, महागठबंधन के समर्थन और स्थानीय समीकरणों पर भरोसा जता रही है।
bihar election 2025 | bihar election 2025 live | Bihar Election 2025 News | Bihar election 2025 updates | CM Yogi Adityanath | up cm yogi adityanath | up cm yogi adityanath speech | yogi adityanath | yogi adityanath event
/young-bharat-news/media/agency_attachments/2024/12/20/2024-12-20t064021612z-ybn-logo-young-bharat.jpeg)
Follow Us