/young-bharat-news/media/media_files/2025/10/05/mukesh-sahni-2025-10-05-16-36-11.jpg)
बिहार की सियासत में इन दिनों महागठबंधन के भीतर हलचल तेज़ हो गई है। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश सहनी ने एक ऐसा बयान दिया है जिसने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। सहनी ने कहा कि महागठबंधन थोड़ा अस्वस्थ हुआ है। हम दिल्ली जा रहे हैं और सब डॉक्टर दिल्ली में हैं, तो वहां बेहतर उपचार हो जाएगा। हम स्वस्थ होकर पटना लौटेंगे।
यह बयान उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान दिया, जो अब बिहार की राजनीति में “सियासी सर्जरी” की तरह चर्चा में है। सहनी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे और राजनीतिक वर्चस्व को लेकर असंतोष की खबरें सामने आ रही हैं।
इस टिप्पणी को दो तरह से देखा जा रहा है। पहला यह कि सहनी अपनी पार्टी की उपेक्षा से नाराज हैं और अपने लिए बेहतर सौदे की तलाश में हैं। दूसरा यह कि यह बयान उनके दिल्ली प्रवास से जुड़े किसी राजनीतिक संकेत की तरफ इशारा करता है, जहां महागठबंधन के शीर्ष नेता मौजूद हैं।
विकासशील इंसान पार्टी ने 2020 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले महागठबंधन का साथ छोड़ दिया था। अब मुकेश सहनी का नया बयान उसी इतिहास की पुनरावृति की ओर इशारा कर रहा है। दरअसल, मुकेश सहनी को इस बार कम सीटों की पेशकश से नाराजगी है। वह खुद को बिहार की अति पिछड़ी जातियों और मछुआरा समाज का प्रमुख चेहरा मानते हैं और चाहते हैं कि गठबंधन में उनकी पार्टी को सम्मानजनक हिस्सेदारी मिले।
आपको बता दें कि लालू यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव भी रविवार को दिल्ली गए हैं। राजद की सीट शेयरिंग कांग्रेस के साथ भी फंसी हुई है। उसी का निपटारा दिल्ली में सोनिया गांधी, राहुल गांधी के साथ बैठक में हो सकता है।
Mukesh Sahani | Mukesh Sahani demands | Mukesh Sahani latest news | Mukesh Sahani statement | Mukesh Sahani U-turn | Mukesh Sahni