पटना. Bihar की राजधानी पटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) ने आज एक नई पहल — ‘महिला संवाद रथ’ — को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस विशेष रथ के जरिए राज्य के 38 जिलों के गांव-गांव में जाकर महिलाओं से संवाद किया जाएगा और उन्हें सरकार की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। महिला सशक्तिकरण को केंद्र में रखकर जदयू ने इस अभियान को चुनावी शंखनाद बना दिया है।
"2025 से 2030 फिर से नीतीश" – पोस्टर के साथ प्रचार का नया अध्याय
दो दिन पहले ही जदयू कार्यालय से “2025 से 2030 फिर से नीतीश” का नारा गूंजा था, और आज उसी अभियान को ज़मीन पर उतार दिया गया। चुनावी मौसम में यह महिला संवाद कार्यक्रम न सिर्फ एक प्रचार मुहिम है, बल्कि एक सुनियोजित राजनीतिक प्लान है — जिसका मकसद है महिला मतदाताओं को साधना।
600 वाहनों से शुरूआत, दो करोड़ महिलाओं तक पहुंचने का लक्ष्य
इस संवाद कार्यक्रम की शुरुआत राज्य के 600 स्थानों पर एक साथ की गई। सरकार का लक्ष्य है कि दो महीने के अंदर करीब दो करोड़ महिलाओं तक सीधा संवाद स्थापित किया जाए। इसमें 1.35 लाख जीविका दीदियों को भी शामिल किया गया है, जो गांव-गांव जाकर महिलाओं को योजनाओं के बारे में बताएंगी। प्रत्येक दिन राज्यभर में औसतन 1200 स्थानों पर संवाद सत्र होंगे। सिर्फ पटना जिले में 1,395 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे — यह अभियान अपने पैमाने और विस्तार में अभूतपूर्व है।
इन योजनाओं पर फोकस करेगी सरकार
‘महिला संवाद रथ’ के ज़रिए जिन प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी जाएगी, उनमें शामिल हैं:
- महिला सशक्तिकरण नीति (2015)
- महिला आरक्षण योजना
- मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना
- बाल विवाह और दहेज प्रथा उन्मूलन
- नशामुक्ति अभियान
- जीविका योजना
- बालिका पोशाक योजना
- अन्य सामाजिक और आर्थिक कल्याण योजनाएं