/young-bharat-news/media/media_files/2025/07/19/pushpam-priya-chaudhary-bihar-election-2025-2025-07-19-23-07-10.jpg)
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियों में एक नया मोड़ आया है। द प्लुरल पार्टी (TPP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्पम प्रिया चौधरी ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐलान किया कि उनकी पार्टी राज्य की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। साथ ही, उन्होंने संकेत दिए कि वह खुद दरभंगा सीट से चुनाव लड़ सकती हैं।
"मुख्यमंत्री पद पर महिला उम्मीदवार घोषित करें दल"
पुष्पम प्रिया ने मीडिया से बातचीत में कहा कि एनडीए और इंडिया गठबंधन दोनों महिला सशक्तिकरण की बात करते हैं, लेकिन क्या कोई दल बिहार की अगली मुख्यमंत्री के रूप में महिला उम्मीदवार घोषित करने को तैयार है? जब 50% आबादी महिलाओं की है, तो यह मांग जायज है।
उन्होंने आगे कहा कि अगर कोई भी राजनीतिक दल महिला को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित करता है, तो वह अपना मास्क उतार देंगी। 2020 में चुनाव हारने के बाद लोगों ने कहा था कि मैं मुंह दिखाने लायक नहीं हूं। इसलिए मैंने मास्क पहनना शुरू किया। लेकिन अगर महिला सशक्तिकरण की बात सच्ची है, तो मैं यह चुनौती देती हूं।
चुनाव आयोग ने दिया 'सीटी' चुनाव चिह्न
पुष्पम प्रिया ने बताया कि चुनाव आयोग ने उनकी पार्टी को 'सीटी' चुनाव चिह्न आवंटित किया है। यह सीटी बिहार के विकास की आवाज है। हमारा लक्ष्य है कि राज्य की जनता को एक नई दिशा मिले।
2020 में हार का सामना, लेकिन अब नई रणनीति
2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में पुष्पम प्रिया ने बांकीपुर (पटना) और बिस्फी (मधुबनी) सीटों से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। इस बार उनकी पार्टी ने पूरे राज्य में चुनाव लड़ने का फैसला किया है, जिससे सियासी समीकरण और जटिल हो सकता है।