बदायूं, वाईबीएन नेटवर्क , ,
बदायूं में आंबेडकर जयंती के बहाने दलित वोटरों में सेंध लगाने के लिए समाजवादी पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी। जिले भर के अलग-अलग स्थानों पर सपा ने सबसे ज्यादा कार्यक्रम कराए। सपा सांसद आदित्य यादव ने जिले भर में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने बाबा भीमराव आंबेडकर के संघर्षमयी जीवन पर प्रकाश डाला।
सोमवार को आंबेडकर जयंती मनाने के लिए यूं तो सभी राजनैतिक और गैर राजनैतिक दलों ने तैयारी की थी। मगर, इस बार वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए दलित वोटरो में सेंध लगाने के लिए समाजवादी पार्टी ने विशेष योजना तैयार की। जयंती को भव्य और यादगार बनाने के बहाने सपा ने दलित वोटरों में सेंध लगाने के लिए जिले भर को मथ दिया। जिले में सबसे ज्यादा कार्यक्रम सपा की ओर से कराए गए, ताकि दलितों में उनकी पैठ मजबूत हो सके। सपा सांसद आदित्य यादव सबसे पहले जिला अस्पताल के सामने मौजूद आंबेडकर पार्क पहुंचे। यहां सपा प्रदेश सचिव प्रिंस यादव, सपा जिलाध्यक्ष आशीष यादव समेत अन्य सपाइयों के साथ बाबा भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद उझानी, बिल्सी, सहसवान, गुन्नौर में सपा की ओर से कराए गए कार्यक्रमों में शामिल हुए।
आंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद भाजपा सरकार पर सांसद ने बोला हमला
आंबेडकर जयंती के मौके पर जिले में आए सपा सांसद आदित्य यादव ने आंबेडकर पार्क बदायूं में बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद भाजपा सरकार पर हमला बोला। मीडिया को संबोधित करते हुए सपा सांसद ने कहा कि आंबेडकर ने दलित और पिछडों के हित के लिए काफी संघर्ष किया। यह उनके लिखे संविधान की देन है कि दलित और पिछडों को इस समाज में सम्मान मिला। कोई जनप्रतिनिधि हो या सरकारी अफसर वह संबिधान की शपथ लेने के बाद ही अपना मूल्य कार्य करता है। सपा सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार संविधान को खत्म करना चाहती थी, लेकिन सपा ऐसा नहीं होने देगी। सपा संविधान बचाने के लिए हर स्तर पर मोर्चा खोलती आई है। उन्होंने आगरा में करणी सेना की ओर से किए गए प्रदर्शन के बारे में कहा कि यह सरकार की नाकामी है कि वहां तलवार और असलहा लहराए गए और पुलिस तमाशबीन बनी रही। वर्ष 2027 में सपा सरकार आने पर इनसे हिसाब लिया जाएगा।