बदायूं, वाईबीएन नेटवर्क
बदायूं के बिनावर थाना क्षेत्र में दंपती से लूटपाट करने वाले बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में पकड लिया। पुलिस पर फायरिंग कर बदमाश भागने की कोशिश कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने उसके पैर में गोली मारकर उसे लंगडा कर दिया। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बीती चार अप्रैल को दंपती के साथ बिनावर थाना क्षेत्र में लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया था। पुलिस बदमाशों की तलाश में थी। पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह करीब पांच बजे पुलिस को सूचना मिली कि घटपुरी गांव के जंगल में कुछ बदमाश किसी योजना को बना रहे हैं। पुलिस ने वहां दबिश दी तो पुलिस को देखकर एक बदमाश भागने लगा। पुलिस ने मुठभेड के बाद उसके पैर में गोली मार दी। इससे वह लंगडा हो गया। पुलिस की पूछताछ में उसने अपना नाम आकाश गौतम पुत्र विशंबर दयाल गौतम निवासी गांव खाना गोटिया थाना सीबीगंज बरेली बताया। बिनावर में दंपती से उसने ही अपने साथी की मदद से लूटपाट की थी। गुनाह कबूलने के बाद पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा भी बरामद किया है।
बदमाश पर संगीन धाराओं में दर्ज हैं आधा दर्जन मुकदमे
सीओ सिटी रजनीश उपाध्याय ने बताया कि पकडे गए बदमाश आकाश गौतम पर अलग-अलग थानों में आधा दर्जन से ज्यादा मुकदमे संगीन धाराओं में दर्ज हैं। उसका और भी आपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है। इसके साथ ही उसके पूरे गैंग की जांच भी की जाएगी।
यह हुई थी वारदात
बीती चार अप्रैल को दोपहर करीब एक बजे मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव सहोरा निवासी सरजन पुत्र मनोहर लाल अपनी पत्नी मीना को बरेली स्थित उसके मायके से बुलाकर ला रहा था। इसी दौरान रास्ते से ही बदमाश उसके पीछे लग गए। बदमाशों ने बिनावर थाना क्षेत्र के गांव औरंगाबाद और घटपुरी के बीच उनकी बाइक को ओवरटेक कर असलाह दिखाकर रुकवा लिया। इसके बाद मीना के गले में पडा मंगलसूत्र और हाथों से खंडवा उतार लिए। मीना ने इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश भाग गए।