बदायूं, वाईबीएन नेटवर्क
बदायूं के सहसवान में नर्सिंग होम के बंटवारे को लेकर चल रही रंजिश ने एक राहगीर की जान ले ली। दोनों पार्टनर के बीच नर्सिंग होम के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। एक ने दूसरे पर गोली चलाई तो वहां से जा रहा दूधिया गोली लगने से मौत का शिकार हो गया। गोली लगते ही वह छटपटा कर जमीन पर गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के होश उड गए। एसएसपी डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए।
दोनों ने अलग अलग खोले नर्सिंग होम तब पनपी रंजिश
सहसवान के हरदत्तपुर पर सेवा नर्सिंग होम संचालित है। यह नर्सिंग होम संचालित है। इस नर्सिंग होम को प्रमोद यादव और अवधेश यादव दोनों ने मिलकर खोला था। कुछ समय तक दोनों की साझेदारी चली, लेकिन रुपयों के बंटवारे को लेकर वह अलग हो गए। इसके बाद सेवा नर्सिंग होम का संचालन प्रमोद यादव करता रहा और अवधेश यादव ने भी उसके सामने ही नर्सिंग होम खोल लिया। दोनों के नर्सिंग होम पास पास में होने की वजह से रंजिश बढती चली गई। वह एक दूसरे को नीचा दिखाने की कोई कसर नहीं छोड रहे थे। इसी के चलते खूनी वारदात हुई।
यह हुई वारदात
बुधवार की सुबह करीब दस बजे अवधेश और प्रमोद के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद अवधेश और उसके परिजन असलहा लेकर मौके पर पहुंच गए। अवधेश की ओर से प्रमोद को मारने के लिए गोली चलाई गई, लेकिन गोली प्रमोद को न लगते हुए वहां से गुजर रहे दूधिया के सिर में लगी और उसकी मौत हो गई। इसके बाद अवधेश और उसके परिजन वहां से भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराई तो मृतक की शिनाख्त सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव कुकरैया निवासी वीरेश कुमार के रूप में हुई।
सरेराह हुए मर्डर के बाद इलाके में दहशत, तहरीर का इंतजार कर रही पुलिस
बुधवार की सुबह रोजाना की तरह हरदत्तपुर के आसपास के रहने वाले लोग अपनी दिनचर्या में व्यस्त थे। इसी दौरान कत्ल की वारदात हुई तो इलाके के लोग दहशत में आ गए। इधर, दोपहर तक पुलिस को तहरीर नहीं दी गई। पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही है।