/young-bharat-news/media/media_files/2025/06/27/manoj-verma-2025-06-27-17-47-45.jpeg)
पूर्व चेयरमैन दीपमाला गोयल Photograph: (Self)
बदायूं, वाईबीएन नेटवर्क
बदायूं में वरिष्ठ भाजपा नेत्री, पूर्व चेयरमैन दीपमाला गोयल, उनके बेटे समेत चार के खिलाफ गैर जमानतीय वारंट अदालत ने जारी किए हैं। गंभीर आरोपों में फंसी पूर्व चेयरमैन और उनके बेटे, समर्थकों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है। अदालत ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर सात जुलाई तक कोर्ट में पेश करने का आदेश पुलिस को दिया है। आदेश की अवहेलना करने पर पुलिस के खिलाफ भी कार्रवाई की चेतावनी न्यायालय की ओर से दी गई है।
प्रचार-प्रसार के रुपये मांगने पर ठेकेदार को दी थीं यातनाएं
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के माल गोदाम रोड के रहने वाले शशांंक गुप्ता की प्रचार-प्रसार की एजेंसी है। वह नगर पंचायत, नगर पालिकाओं और सरकारी कार्यक्रमों में ठेके पर प्रचार कराते हैं। शशांक की मानें तो उन्होंने दीपमाला गोयल के चेयरमैनी कार्यकाल में नगर पालिका और उनका प्रचार किया था। लाखों रुपये की प्रचार-सामग्री शहर में लगाई गई थी। सारा खर्च उन्होंने खुद ही उठाया। बीच-बीच में पैसा मांगने पर चेयरमैन के पुत्र अमन गोयल उनको पूरा पेमेंट देने का झांसा देते रहे। करीब दो साल पहले नगर पालिका परिषद से चुनाव हारने के बाद दीपमाला गोयल, उनके बेटे अमन गोयल से जब शशांक ने पैसे मांगे तो उन्होंने उनको धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि शशांक को उन्होंने घर बुलाकर बंधक बनाकर पीटा और जमकर यातनाएं दीं।
पुलिस ने सत्ता के दबाव में नहीं की कार्रवाई तो ली न्यायालय की शरण
प्रचार कंपनी के ठैकेदार शशांक गुप्ता का आरोप है कि करीब दो साल पहले जब पूर्व चेयरमैन दीपमाला गोयल, उनके बेटे अमन गोयल, उनके समर्थक शहर की अंबिकापुरी कालोनी निवासी संजय पाठक पुत्र चैतन, पाल नगर निवासी रजत गुप्ता ने उनके साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी दी तो वह सिविल लाइंस थाने पहुंचे। मगर, सत्ता के दबाव के चलते पुलिस ने उनकी कोई सुनवाई नहीं की। वह अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस अधिकारियों से भी मिले, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली और आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत न्यायालय में पेश किया। इसके बाद न्यायालय ने कई बार आरोपियों को तलब किया, लेकिन वह अदालत में पेश नहीं हुए। इसी वजह से अदालत ने अब उनके खिलाफ गैर जमानतीय वारंट जारी किए हैं।
ठेकेदार शशांक पर पुलिस से भी बनवाया दबाव
प्रचार कंपनी के ठेकेदार शशांक गुप्ता का आरोप है कि उनपर शिकायत वापस लेने के लिए आरोपी पूर्व चेयरमैन और उनके समर्थकों ने कई बार दबाव बनाया। वह नहीं माने तो पुलिस ने उनको धमकी दिलाई गईं। पुलिस ने कई बार उनको फर्जी मुकदमे में फंसाने की भी धमकी दी, लेकिन वह दबाव में नहीं आए।
भाजपा में कई महत्वपूर्ण पदों पर रही हैं पूर्व चेयरमैन दीपमाला
पूर्व चेयरमैन दीपमाला गोयल भाजपा में कई महत्वपूर्ण पद पर रह चुकी हैं। मौजूदा समय में भी उनके पास कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी हैं। वर्ष 2022 में वह विधायक के लिए दावेदार थीं और इस साल भाजपा जिलाध्यक्ष के लिए भी आवेदन किया था।