/young-bharat-news/media/media_files/2025/01/16/1yrSVSLwWZY65YYTNWYF.png)
Hindenburg Research Shut Down, Adani Group Stocks Rise
नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क।
अमेरिका की शॉर्ट सेलिंग फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च, जिसने भारतीय बिजनेसमैन गौतम अडानी के खिलाफ बड़ी रिपोर्ट जारी की थी, वो अब बंद हो रही है। सिर्फ अडानी ग्रुप ही नहीं बल्कि हिंडनबर्ग रिसर्च ने और भी कई बड़ी कंपनियों के खिलाफ अपनी रिपोर्ट दी थी। जहां एक तरफ हिंडनबर्ग रिसर्च के बंद होने की खबर आई है, वहीं दूसरी ओर अडानी ग्रुप के शेयरों के कारोबार में तेजी देखने को मिली है। माना जा रहा है कि अमेरिका की शॉर्ट सेलिंग फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च के बंद होने की खबर से ग्रुप के शेयरों में तेजी है। हिंडनबर्ग रिसर्च ने जनवरी 2023 में अडानी ग्रुप के खिलाफ एक रिपोर्ट जारी की थी। इसमें ग्रुप पर शेयरों की कीमत में छेड़छाड़ और वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाए गए थे। हालांकि अडानी ग्रुप ने ऐसे सभी आरोपों का खंडन कर दिया था। अडानी ग्रुप के आरोपों के सिरे से नकारे जाने के बाद भी कंपनी के शेयरों में काफी गिरावट आई थी। अडानी ग्रुप का 150 अरब डॉलर की चपत लगी थी। बाद में अडानी ग्रुप ने अपने इस नुकसान की भरपाई जरूर कर ली मगर इस बात को नकारा नहीं जा सकता कि नुकसान तो कंपनी को हुआ ही था।
अडानी के शेयरों में तेजी
अडानी ग्रीन एनर्जी का शेयर 8.8 फीसदी तेजी के साथ 1,126.80 रुपये पर पहुंच गया है। वहीं अडानी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज का शेयर शुरुआती कारोबार में 7.7% उछलकर 2,569.85 रुपये पर पहुंच गया। अडानी टोटल गैस भी 7% तेजी के साथ 708.45 रुपये पर आ गया है। अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस का शेयर 6.6% उछलकर 832.00 रुपये पर पहुंच गया। अडानी पोर्ट्स भी 5.5% की तेजी के साथ 1,190 रुपये पर है। ग्रुप की सीमेंट कंपनियों एसीसी और अंबूजा में चार फीसदी से अधिक तेजी रही जबकि अडानी एनर्जी सॉल्यूशन में तीन फीसदी से अधिक तेजी आई। अडानी विल्मर के शेयर में भी थोड़ी तेजी देखी गई है।
क्यों बंद हुई हिंडनबर्ग रिसर्च?
Why Hindenburg Research Shut Down?: हिंडनबर्ग रिसर्च कंपनी की शुरुआत साल 2017 में हुई थी। इस रिसर्च फर्म ने साल 2017 से 2024 के बीच कई सारे खुलासे किए। अब इसके बंद होने पर कंपनी के फाउंडर ने बयान जारी करके इसे बंद करने की घोषणा की है। नेट एंडरसन ने कहा कि हमारी योजना थी कि हम जिन विचारों पर काम कर रहे थे, उन्हें पूरा करने के बाद कंपनी को बंद कर दिया जाए, और अब वो समय आ गया है। इसके अलावा नेट ने किसी खतरे या धमकी के चलते फर्म बंद नहीं करने की बात भी कही है। साथ ही उन्होंने बताया अब वो अपने परिवार और दोस्तों के साथ समय बिताएंगे, जिनको वो व्यस्त रहने के चलते वक्त नहीं दे सके हैं।