दरअसल महिला ने 4 मई को अपने आशिक की हत्या के बाद उसके ही मोबाइल से उसके अपने फैमिली WhatsApp group पर एक संदेश डाल दिया, जिसमें कहा गया था कि वो खुदकुशी कर रहा है। घर के लोगों ने संदेश पढ़ा और मामला पुलिस के पास जा पहुंचा। उनका कहना था कि मरने वाला अनपढ़ था, जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल सुसाइड नोट में किया गया है वो ऐसी लाइनें लिख ही नहीं सकता था। पुलिस ने उनकी बात को संजीदगी से लेते हुए उस होटल की फुटेज खंगाली जहां लाश मिली थी। पुलिस को क्लू मिला और उसके जरिये वो हत्यारी महिला तक जा पहुंची। फिलहाल शातिर महिला जेल में बंद है।
पति का जीजा से था अफेयर, डबल क्रास के शक में की हत्या
44 साल की बरकत राठौड़ का अपने पति के जीजा इमामुद्दीन अंसारी से बीते दो साल से अफेयर था। इमामुद्दीन मुंबई के मीरा रोड में रहता था। उसका इंटीरियर डेकोरेशन का कारोबार था। पति को बरकत की करतूत का पता चला तो उसने उसे घर से निकाल दिया। बरकत अपने मायके जयपुर आ गई। उसके बाद दोनों के रिश्ते पहले की तरह से नहीं रहे। बरकत को लगता था कि इमामुद्दीन उसके साथ डबल क्रास कर रहा है। लिहाजा उसने उसे सबक सिखाने का फैसला किया। बरकत ने इमामुद्दीन को अपनी मीठी बातों में उलझाकर मिलने के लिए तैयार कर लिया। दोनों को मलाड़ के होटल में मिलना था। तय दिन दोनों मिले। पहले शराब का दौर चला फिर बरकत ने मौका देखकर इमामुद्दीन की गला घोंटकर हत्या कर दी। उसके बाद वो होटल से बाहर निकली और वापस रेलवे स्टेशन चली गई।
आशिक के फैमिली WhatsApp group पर संदेश डालना पड़ा भारी
उसने जयपुर की ट्रेन में सीट पहले से बुक करा रखी थी। वो वापस अपने मायके जा पहुंची। उधर, बरकत के घर वालों ने उसके सुसाइड नोट को देखा तो उनका माथा ठनक गया। इसमें लिखा था कि बरकत से उसके रिश्ते के बारे में उसकी पत्नी को पता चल गया है। हालांकि उसने मैसेज में दलील दी कि बरकत के साथ उसका रिश्ता पाक साफ है पर कोई मान नहीं रहा। रोज रोज की क्लेश से वो आजिज आ चुका है। अपनी जिंदगी को खत्म करने का फैसला उसने ले लिया है। उसने संदेश में ये भी लिखा कि उसको और बरकत को लेकर जो कुछ भी बातें फैल रही हैं वो सारी करतूत बरकत की है। वो उसे बदनाम करने पर आमादा है। वो अच्छी औरत नहीं है। संदेश को देखने के बाद अंसारी का 23 साल का बेटा फोन के लोकेशन के जरिये उसे तलाश करने लगा। वो मलाड़ में पहुंचा और फिर उस होटल में। उसका पिता आधी नंगी हालत में था। उसके गर्दन पर गहरे निशान थे।
होटल पहुंचने से पहले बरकत ने पहन लिया था बुर्का, सीसीटीवी से फंसी
परिवार वालों ने जैसे ही संदेश को देखा उनका माथा ठनक गया। वो पास के पुलिस थाने पहुंचे और बताया कि इमामुद्दीन अंसारी अनपढ़ था। वो ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं कर सकता। पुलिस ने उनकी बातों पर यकीन करके होटल की सीसीटीवी फुटेज देखी तो पता चला कि बुर्का पहने एक महिला के साथ इमामुद्दीन अंसारी होटल में आया था। थोड़ी देर बाद वो महिला आटो लेकर निकल गई। पुलिस के शक की सुईं बरकत पर घूम गई। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन की लोकेशन चेक कराई तो पता चला कि हत्या के पहले और बाद में बरकत के फोन की लोकेशन मलाड़ के होटल में थी। मुंबई की पुलिस जयपुर में बरकत के घर पहुंची। उससे पूछताछ की तो उसने पहले वारदात को लेकर आनाकानी की। लेकिन जब फुटेज के साथ फोन की लोकेशन सामने रखी गई तो वो टूट गई। 44 साल की महिला का कहना था कि इमामुद्दीन अंसारी उसे धोखा दे रहा था। उसे सबक सिखाने के लिए वो मुंबई गई थी। दोनों के बीच पहले बात हो गई थी। उनको होटल में मिलना था। बरकत का कहना था कि उसने होटल में जाने से पहले बुर्का पहन लिया था।
mumbai | Crime | love murder