नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क ।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को कहा कि मुख्यमंत्री पद के लिए चुने जाने के बाद उन्हें हिंदी फिल्म ‘नायक’ के नायक जैसा महसूस हो रहा है। रेखा गुप्त कहा कि यह कोई ‘लॉटरी’ नहीं बल्कि देश की सभी बेटियों के लिए सम्मान की बात है।
दिल्ली में आयोजित मीडिया हाउस के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी सरकार तीन साल में यमुना नदी की सफाई हर हाल सुनिश्चित करेगी।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आगे कहा कि यमुना नदी में नौका सेवा शुरू करेंगी और अगले दो वर्षों में तीन ‘लैंडफिल साइट’ को 80-90 प्रतिशत तक कम करेंगी। बता दें कि रेखा गुप्ता भाजपा शासित राज्यों में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री हैं।
सरकार की प्राथमिकताएं जरूरी
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार की अन्य प्राथमिकताएं यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली के लोगों को गर्मियों में पानी की कमी और मानसून के दौरान जलभराव का सामना नहीं करना पड़े। मुख्यमंत्री पद के लिए कई वरिष्ठ नेताओं और विधायकों के मुकाबले उन्हें तरजीह दिए जाने के बारे में पूछे जाने पर गुप्ता ने कहा कि किसी को कोई गलतफहमी नहीं होनी चाहिए। यह जीत दिल्ली की जनता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की वजह से है।
यह कोई पद नहीं काम की जिम्मेदारी है
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यह कोई पद नहीं है, यह एक काम और जिम्मेदारी है। हमारा लक्ष्य विकसित भारत के लिए विकसित दिल्ली बनाना है। एक महिला को मुख्यमंत्री के रूप में नियुक्त करना पार्टी और प्रधानमंत्री मोदी का एक बहुत ही महत्वपूर्ण दृष्टिकोण है और यह केवल एक ‘‘प्रतीकात्मक बदलाव’’ नहीं है, बल्कि महिलाओं को निर्णय लेने वाले उच्च पदों पर पदोन्नत करने का एक वास्तविक प्रयास है। गुप्ता ने कहा कि यह एक सपने के सच होने जैसा नहीं है। उन्होंने कहा कि वह अपने रास्ते पर आगे बढ़ रही थीं और तभी उन्हें इस पद के लिए चुना गया।