/young-bharat-news/media/media_files/2025/02/27/JOufJnuuy8HCaldW9JkK.jpg)
file
नई दिल्ली: देश की राजधानी में सरकार बदलने के साथ ही नाम बदलने की कवायद भी शुरू हो गई है। दिल्ली विधानसभा में भाजपा विधायक ने नजफगढ़ का नाम बदलने का प्रस्ताव रखा है। विधायक का दावा है कि नजफगढ़ का नाम बहुत पहले नाहरगढ़ था औरंगजेब ने नाम बदला था। हालांकि चुनाव के दौरान मुस्तफाबाद और आरके पुरम विधानसभा क्षेत्र के गांव महोमदपुर का नाम बदलने की मांग उठी थी।
नीलम नजफगढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक
आपको बता दें कि भारतीय जनता पार्टी की विधायक नीलम पहलवान ने दिल्ली विधानसभा में नजफगढ़ का नाम बदलकर नाहरगढ़ करने के लिए विधानसभा में प्रस्ताव पेश किया है। नीलम नजफगढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं।
नीलम पहलवान का यह बयान उस समय आया जब दिल्ली विधानसभा में सत्र चल रहा था। विधायक ने इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि नजफगढ़ का नाम बदलकर नाहरगढ़ रखने से न केवल क्षेत्र की पहचान मजबूत होगी, बल्कि यह स्थान एक नई दिशा में तरक्की करेगा।
उन्होंने सदन में कहा, "औरंगजेब ने इसका नाम नाहरगढ़ से बदलकर नजफगढ़ रखा था। 1857 की लड़ाई में राजा नाहर सिंह ने लड़ाई लड़के नजफगढ़ क्षेत्र को दिल्ली प्रांत में शामिल करवाया था, लेकिन कई कागजी कार्रवाई होने के बावजूद भी आज तक नाम नहीं बदला गया। नजफगढ़ का नाम बदलने की हमने कई बार अपील की। हमारे सांसद जब प्रवेश वर्मा थे, तब भी हमने कई बार इनके माध्यम से कोशिश की कि नजफगढ़ का नाम नाहरगढ़ रखा जाए।'
दिल्ली की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...
नीलम पहलवान के बाद दक्षिणी दिल्ली के आरके पुरम से भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने भी अपनी विधानसभा के अन्तर्गत आने वाले गांव महोमदपुर का नाम बदलने की मांग की और कहा कि महोमदपुर का नाम माधवपुरम रखा जाए।
बता दें कि इससे पहले दिल्ली में हुए विधानसभा चुनाव में मुस्तफाबाद विधानसभा से जीतकर आए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार मोहन सिंह बिष्ट ने इलाके का नाम बदलने की मांग की थी। उन्होंने इसकी जगह 'शिवपुरी' या 'शिव विहार' नाम सुझाया था।
मोहन सिंह बिष्ट ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "एक तरफ 58 फीसदी लोग हैं, दूसरी तरफ 42 फीसदी। विधानसभा का नाम 42 फीसदी वाले लोगों की पसंद का कैसे हो सकता है? यह 58 फीसदी लोगों के साथ अन्याय है। यह उन बहुसंख्यक लोगों के साथ अन्याय है। मैं इस विधानसभा का नाम बहुसंख्यकों के नाम पर करवाऊंगा। विधानसभा के गठन के बाद जैसे ही पहला सत्र चालू होगा, वैसे ही मैं यह प्रस्ताव लाऊंगा कि मुस्तफाबाद विधानसभा का नाम बदलकर शिवपुरी या शिव विहार विधानसभा रखा जाएगा।"