अहमदाबाद/ नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। अहमदाबाद में हुए Air India के ड्रीमलाइनर विमान हादसे के बाद अब दर्द और मातम का मंजर हर ओर दिखाई दे रहा है। सिविल अस्पताल के बाहर परिजन अपने जले हुए प्रियजनों की पहचान के लिए चक्कर काट रहे हैं। कई लोग मोबाइल में तस्वीरें दिखाकर अपनों को तलाश रहे हैं, वहीं कुछ रोते-बिलखते डीएनए सैंपल दे रहे हैं ताकि अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी हो सके। यह दुर्घटना देश के कई परिवारों के सपनों का अंत बन गई।
बेटी को लंदन भेजने के लिए लिया था कर्ज
इस भीषण हादसे में अनेक ऐसी दर्दनाक कहानियां सामने आई हैं जिन्होंने देश को झकझोर दिया है। साबरकांठा के रिक्शा चालक सुरेश खटीक ने बेटी पायल को लंदन पढ़ने भेजने के लिए कर्ज लिया था। पायल की लाश अब पहचान की प्रक्रिया में है। मेहसाणा के संकेत गोस्वामी अपने माता-पिता की उम्मीद थे, लंदन पढ़ने जा रहे थे, पर अब नहीं लौटेंगे।
भाविक की दो दिन पहले हुई थी शादी
नई दुल्हन ईशा महेश्वरी ने दो दिन पहले ही शादी की थी, हादसे में पति भाविक की मौत की खबर सुनकर वह बेसुध हो गई। वहीं इंदौर की हरप्रीत ने पति के जन्मदिन पर उनसे मिलने के लिए टिकट पहले कराई थी, लेकिन अब उसका परिवार डीएनए रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।
इकलौती कमाने वाली लामनुनथेम भी चली गई
मणिपुर की एयर होस्टेस लामनुनथेम सिंगसन अपने परिवार की इकलौती कमाने वाली थीं। हरियाणा की अंजू शर्मा, महाराष्ट्र की मैथिली पाटिल, गुजरात की रूपल पटेल और बिहार की मनीषा थापा भी इस हादसे का शिकार बन गईं। पायलट सुमित सभरवाल अपने पिता की देखभाल के लिए नौकरी छोड़ने वाले थे, लेकिन यह उनकी अंतिम उड़ान साबित हुई। मुंबई के एनआरआई जावेद अली अपने पूरे परिवार के साथ इस यात्रा में थे, अब कोई नहीं बचा। हर चेहरा एक कहानी, हर नाम एक सपना था... जो इस भयावह हादसे में सदा के लिए खो गया।
ahmedabad gujarat plane crash | ahmedabad mein plane crash | ahmedabad plane | Ahmedabad Plane Crash