/young-bharat-news/media/media_files/2025/06/23/pm-modi-arvind-kejriwal-and-priyanka-gandhi-2025-06-23-08-41-12.jpg)
Photograph: (Google)
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। Bypoll Results 2025ः पंजाब, पश्चिम बंगाल, गुजरात और केरल की 5 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू हो चुकी है और परिणाम दोपहर तक आने की संभावना है। गुरुवार,19 जून, 2025 को इन सभी सीटों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न हुआ था। जिन पांच सीटों पर उपचुनाव हुए, उनमें से सबसे अहम मानी जा रही पश्चिम बंगाल की कालिगंज सीट पर सभी राजनीतिक दलों की नजरें टिकी हैं।
राजनीतिक दलों के लिए साख का सवाल
ये उपचुनाव नतीजे कई राज्यों में सत्तारूढ़ दलों और विपक्ष के लिए जनता के मूड का संकेत माने जा रहे हैं। खासकर कालिगंज जैसी सीटों पर जीत-हार का असर आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों की रणनीति पर भी पड़ सकता है। पश्चिम बंगाल में जहां भाजपा और ममता बनर्जी की प्रतिष्टा दाव पर है, वहीं केरल में प्रियंका गांधी, गुजरात में खुद पीएम नरेंद्र मोदी और पंजाब में आम आदमी पार्टी व अरविंद केजरीवाल के लिए सीट जीतना अहम हो गया है।
/filters:format(webp)/young-bharat-news/media/media_files/2025/06/23/bypoll-results-2025-2025-06-23-08-40-39.jpg)
केरल की नीलांबूर सीट: प्रियंका गांधी के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न
केरल की नीलांबूर विधानसभा सीट कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के लिए प्रतिष्ठा से जुड़ी मानी जा रही है, क्योंकि यह सीट वायनाड संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत आती है, जहां से वे सांसद हैं। उपचुनाव से पहले उन्होंने यहां रोड शो कर जनसमर्थन जुटाने की कोशिश की थी। यह उपचुनाव इसलिए जरूरी हुआ क्योंकि वाम मोर्चा समर्थित दो बार के विधायक ओवी अनवर ने वामपंथी दलों को छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया था। हालांकि, वह इस बार स्वतंत्र उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़े। वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (LDF) ने इस सीट से एम. स्वराज को मैदान में उतारा है। कांग्रेस समर्थित संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (UDF) की ओर से आर्यादन शौकत उम्मीदवार हैं और भारतीय जनता पार्टी (BJP) से एडवोकेट मोहन जॉर्ज चुनाव लड़े हैं।
पश्चिम बंगाल की कालिगंज सीट: TMC बनाम BJP की अग्निपरीक्षा
पश्चिम बंगाल के नदिया जिले की कालिगंज विधानसभा सीट पर उपचुनाव की जरूरत फरवरी में TMC विधायक नसीरुद्दीन अहमद के निधन के बाद पड़ी। अब इस सीट पर उनकी बेटी अलिफा अहमद तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार हैं और पार्टी के गढ़ को बनाए रखने की कोशिश कर रही हैं। BJP ने आशिष घोष को अपना प्रत्याशी बनाया है। वहीं कांग्रेस ने काबिल उद्दीन शेख को टिकट दिया है, जिन्हें CPM का समर्थन प्राप्त है। यह उपचुनाव मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए भी बेहद अहम है क्योंकि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले यह मुकाबला TMC और BJP के बीच सीधा टकराव बन चुका है।
पंजाब की लुधियाना वेस्ट सीट: आम आदमी पार्टी की साख दाव पर
पंजाब की लुधियाना वेस्ट विधानसभा सीट पर उपचुनाव की वजह बनी AAP विधायक गुरप्रीत बसी गोगी की आत्महत्या। आम आदमी पार्टी इस सीट को दोबारा जीतने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है, खासतौर पर दिल्ली में करारी हार के बाद पंजाब में अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखने के लिए।
यहां मुकाबला तीन प्रमुख दलों के बीच है: AAP की ओर से संजीव अरोड़ा,BJP से जीवन गुप्ता औरकांग्रेस से भरत भूषण आशु मैदान में हैं।इसके अलावा, शिरोमणि अकाली दल ने परुपकार सिंह घुम्मन को प्रत्याशी बनाया है।