नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। आज संविधान दिवस है। संविधान दिवस 2025 के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय समारोह सुबह 11 बजे संसद भवन के सेंट्रल हॉल में आयोजित होगा। यह आयोजन भारत द्वारा अपने संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ करने का प्रतीक माना जा रहा है। समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, लोकसभा अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य और दोनों सदनों के सांसद बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में सबसे पहले लोकसभा अध्यक्ष और उपराष्ट्रपति सभा को संबोधित करेंगे, जिसके बाद राष्ट्रपति का अभिभाषण होगा।
कई महत्वपूर्ण डिजिटल विमोचन भी होंगे
संविधान दिवस समारोह के तहत सेंट्रल हॉल में कई महत्वपूर्ण डिजिटल विमोचन भी किए जाएंगे। विधायी विभाग की ओर से मलयालम, मराठी, नेपाली, पंजाबी, बोडो, कश्मीरी, तेलुगु, ओडिया और असमिया, इन नौ भाषाओं में तैयार भारत के संविधान का औपचारिक लोकार्पण किया जाएगा। इसके साथ ही संस्कृति मंत्रालय ‘भारत के संविधान से कला और कैलीग्राफी’ शीर्षक से तैयार विशेष स्मारक पुस्तिका (हिंदी संस्करण) का भी विमोचन करेगा।
संविधान की प्रस्तावना का वाचन करेंगी राष्ट्रपति
कार्यक्रम की विशेषता राष्ट्रपति द्वारा संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन होगा। देशभर में केंद्रीय मंत्रालयों, विभागों, राज्य सरकारों और स्थानीय निकायों द्वारा भी संविधान दिवस पर कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आम नागरिकों के लिए MyGov.in और संविधान75.com पर प्रस्तावना का ऑनलाइन वाचन, डिजिटल प्रमाणपत्र, सोशल मीडिया अभियान, राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज, ब्लॉग और निबंध प्रतियोगिताएं उपलब्ध कराई गई हैं।
पंचायत से संसद तक होंगे कार्यक्रम
इसके अलावा कॉन्फ्रेंस, सेमिनार, वाद-विवाद, प्रदर्शनियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पोस्टर/पेंटिंग प्रतियोगिताएं और पंचायत से संसद स्तर तक कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। देश और विदेश में भारतीय समुदाय संविधान दिवस 2025 को राष्ट्रीय उत्सव के रूप में मनाएगा। President Draupadi Murmu | Constitution Day 2025 | pm modi | पीएम मोदी | sansad