नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क। पंजाब के मुक्तसर साहिब इलाके में एक पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया, जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 29 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। फैक्ट्री में ब्लास्ट की खबर मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। हाइड्रो मशीन की मदद से मलबा हटाने की कोशिश की जा रही है। घायलों को बठिंडा के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जोरदार ब्लास्ट से मचा हड़कंप
पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट रात करीब 12:50 बजे हुआ। पटाखा फैक्ट्री में देर रात हुए जोरदार विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में फैक्ट्री की दो मंजिलें पल भर में धराशायी हो गईं और मलबे में तब्दील हो गईं। विस्फोट इतना भीषण था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी।
मजदूर घायल, फैक्ट्री का संचालक फरार
फैक्ट्री का संचालन उत्तर प्रदेश के हाथरस निवासी ठेकेदार राज कुमार के जिम्मे था, जो घटना के बाद से फरार है। बताया गया है कि घटना के समय फैक्ट्री में लगभग 40 मजदूर दो शिफ्टों में काम कर रहे थे, जिनमें से अधिकतर उत्तर प्रदेश और बिहार के प्रवासी श्रमिक थे। कई मजदूर अपने परिवारों सहित वहीं रह रहे थे। हादसे में बड़ी संख्या में मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
punjab | Massive blast