नागपुर, वाईबीएन नेटवर्क।
महाराष्ट्र में नागपुर के काटोल तहसील का गाँव कोटवालबुडी आज धमाके से गूँज उठा। पटाखा फैक्ट्री में हुए एक तेज विस्फोट के बाद आग लग गई। इस घटना में दो मजदूरों की जान चली गई। नागपुर पुलिस ने विस्फोट में दो लोगों की मौत की पुष्टि की है। फैक्ट्री में विस्फोट की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मलबे में कई मजदूरों के दबे होने की आशंका है। फिलहाल, राहत एवं बचाव कार्य जारी है। हालांकि, मामले में अधिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जनवरी में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में हुआ था विस्फोट
बता दें कि इससे पहले जनवरी में महाराष्ट्र के भंडारा के जवाहर नगर स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में बड़ा धमाका हुआ था। इस हादसे में 8 कर्मचारियों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल हुए थे। इसकी जानकारी खुद केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी थी। नितिन गडकरी ने बताया था कि भंडारा में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में बड़ा धमाका हुआ है। घटना में 8 लोगों की मौत हो गई और सात लोग जख्मी हुए थे। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि भी दी थी।
रक्षा मंत्री ने भी जताया था दुःख
इस घटना पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी दुख जताया था। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा था, ''महाराष्ट्र के भंडारा स्थित आयुध कारखाने में हुए विस्फोट के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।