नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क। देशभर में मौसम का अलग-अलग मिजाज देखने को मिल रहा है। कहीं भीषण गर्मी का प्रकोप है, तो कहीं भारी बारिश कहर बरपा रही है। कर्नाटक में झमाझम बारिश देखने को मिल रही है। बेंगलुरु में बारिश के चलते भारी नुकसान हुआ है। रविवार से शुरू हुई बारिश से 500 घरों में पानी भर गया है, वहीं 3 लोगों की मौत हो गई है। झारखंड में भी आंधी-तूफान और बिजली गिरने की घटनाओं में अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि महाराष्ट्र में भी 2 लोगों की जान गई है। मौसम विभाग ने 11 राज्यों में अलर्ट जारी किया है।
/young-bharat-news/media/media_files/2025/05/20/xwIkgNSI62mmeJCN2XP0.jpg)
प्रचंड बारिश ने मचाई तबाही
कर्नाटक में भारी बारिश और आंधी-तूफान ने तबाही मचा दी है। भारी बारिश के चलते बेंगलुरु में 20 से ज्यादा झीलें उफान पर हैं। दर्जनों सड़कें पानी से लबालब भरी हुई हैं। कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। कई क्षेत्रों में सार्वजनिक बस सेवाएं भी ठप हो गईं हैं। कई दो पहिया और चार पहिया वाहन भी पानी में डूब गए और बह गए। बारिश में की जानवरों की मौत की खबर भी सामने आई है। प्रशासन ने बाढ़ग्रस्त मोहल्लों से लोगों को निकालने के लिए नावें तैनात की हैं।
तीन लोगों की मौत
आंधी-तूफान और बारिश के चलते 3 लोगों की मौत हो गई है, जिससे हड़कंप मच गया है। 63 वर्षीय मनमोहन कामथ और 12 वर्षीय दिनेश को बारिश का पानी बाहर निकालते समय करंट लग गया, जिससे उसकी मौत हो गई। व्हाइटफील्ड में एक हाउसकीपिंग महिला कर्मचारी शशिकला डी की दीवार में दबने से मौत हो गई। मौसम विभाग ने कर्नाटक के कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
सिक्किम-केरल में बारिश का रेड अलर्ट!
देशभर के 11 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और तूफान का भी अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और बढ़ी हुई नमी के कारण सिक्किम में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने चेताया है कि इस मौसमी बदलाव के चलते कई राज्यों में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने मंगलवार को केरल के वायनाड सहित कासरगोड, कन्नूर और कोझिकोड जैसे उत्तरी जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, पलक्कड़, मलप्पुरम और त्रिशूर जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन इलाकों में लगातार तेज बारिश हो रही है, जिससे खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बढ़ गई है।