नई दिली, वाईबीएन डेस्क: भारत ने वैश्विक अर्थव्यवस्था में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की अप्रैल 2025 की वर्ल्ड इकोनॉमिक आउटलुक रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने जापान को पछाड़ते हुए दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था का दर्जा प्राप्त कर लिया है। नीति आयोग के सीईओ बीवीआर सुब्रह्मण्यम ने यह जानकारी दी।
भारत अब विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना
नई दिल्ली में आयोजित 10वीं नीति आयोग गवर्निंग काउंसिल की बैठक के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुब्रह्मण्यम ने बताया, “जैसे ही मैं आपसे बात कर रहा हूं, भारत अब आधिकारिक रूप से विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। हमने 4 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर की सीमा पार कर ली है। यह हमारा नहीं, बल्कि IMF का डाटा है। भारत अब जापान से आगे निकल गया है। अब केवल अमेरिका, चीन और जर्मनी ही भारत से ऊपर हैं। यदि वर्तमान आर्थिक गति बनी रही, तो अगले दो से तीन वर्षों में भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। IMF के अनुमानों के अनुसार, वर्ष 2026 तक भारत की GDP 4,187 अरब डॉलर तक पहुंच सकती है, जबकि जापान की GDP इसी वर्ष 4,186 अरब डॉलर रहने का अनुमान है।
अब तक भा पांचवें नंबर पर
2024 तक भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था। IMF का कहना है कि भारत की विकास दर 2025 में 6.2% और 2026 में 6.3% रहने की संभावना है। इसके मुकाबले वैश्विक विकास दर 2025 में 2.8% और 2026 में 3% रहने का अनुमान है। ये आंकड़े भारत की तेज़ रफ्तार आर्थिक वृद्धि को दर्शाते हैं।
हम टेक-ऑफ स्टेज पर पहुंचे
बैठक में “विकसित राज्य से विकसित भारत 2047” विषय पर केंद्र और राज्यों के बीच व्यापक चर्चा हुई। सुब्रह्मण्यम ने बताया कि इसमें मैन्युफैक्चरिंग, सेवाक्षेत्र, ग्रामीण और शहरी गैर-कृषि क्षेत्र, अनौपचारिक अर्थव्यवस्था, और ग्रीन-सर्कुलर इकोनॉमी जैसे प्रमुख मुद्दों पर विचार हुआ। उन्होंने कहा, “भारत एक ऐसे मोड़ पर खड़ा है, जहां से उसकी अर्थव्यवस्था असाधारण रफ्तार से आगे बढ़ सकती है। हम टेक-ऑफ स्टेज पर पहुंच चुके हैं।