/young-bharat-news/media/media_files/2025/05/10/09bzYpvbxakvGmTTZxE1.jpg)
नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्क | 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बायसरन घाटी में पाकिस्तानी आतंकियों ने 26 निर्दोष पर्यटकों की हत्या कर दी थी। इस हमले में एक नेपाली नागरिक भी मारा गया। आज से 18 दिन पहले 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में पाकिस्तानी आतंकियों ने 26 निर्दोष टूरिस्ट्स की हत्या कर दी थी। आतंकियों ने करीब 20 मिनट तक एके-47 से अंधाधुंध फायरिंग की। इसके बाद भारत ने कूटनीतिक और सैन्य स्तर पर सख्त प्रतिक्रिया दी। जवाबी कार्रवाइयों और पाकिस्तान की बौखलाहट ने दोनों देशों को युद्ध जैसे हालात की ओर धकेल दिया। आइए इस पूरी घटना की टाइमलाइन विस्तार से जानते हैं।
भारत-पाक तनाव की टाइमलाइन
22 अप्रैल 2025
पहलगाम में टूरिस्ट पर आतंकी हमला, 26 की मौत, 17 घायल। पीएम मोदी ने सऊदी अरब का दौरा रद्द कर भारत लौटे। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी अपना अमेरिका दौरा रद्द कर दिया था।
23 अप्रैल 2025
पहलगाम हमले के बाद भारत ने 24 घंटे के अंदर ही पाकिस्तान पर जवाबी कार्रवाई की। सिंधु जल संधि से लेकर पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा राहत तक सभी को रोक दिया गया। भारत ने पाकिस्तानी सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी रोक लगाई। व्यापार संबंधी पाबंदियां भी और सख्त कर दी गईं। पाकिस्तान के खिलाफ 5 बड़े फैसले लिए गए, जिनमें सिंधु जलसंधि पर रोक, अटारी-वाघा बॉर्डर बंद, पाक राजनयिकों की संख्या 55 से 30 की, सभी पाक नागरिकों के वीजा रद्द और 48 घंटों मे भारत छोड़ने का आदेश शामिल है।
24 अप्रैल 2025
बिहार के मधुबनी की चुनावी रैली में मोदी बोले- आतंकियों को कल्पना से परे सजा मिलेगी। पाकिस्तान ने शिमला समझौते समेत सभी द्विपक्षीय समझौतों को रोका। कहा कि नदियों का पानी रोकना युद्ध की कार्रवाई जैसा है। 24 अप्रैल को ही अप्रैल को ही सरकार ने सर्वदलीय बैठक बुलाकर पहलगाम हमले पर भारत की प्रतिक्रिया के बारे में जानकारी दी। बैठक में विपक्ष ने सरकार को समर्थन दिया।
26 अप्रैल 2025
सेना को पाकिस्तान के खिलाफ एक्शन की छूट मिली। पीएम मोदी ने कहा कि पहलगाम हमले के जवाब में कार्रवाई कब, कहां और कैसे सेना तय करे।
28 अप्रैल 2025
पहलगाम आतंकी हमले के बाद उकसाने वाली और सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील सामग्री फैलाने के आरोप में भारत सरकार ने कई पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों को ब्लॉक कर दिया है। इन चैनलों के कुल 6.3 करोड़ सब्सक्राइबर थे। यह कार्रवाई केंद्रीय गृह मंत्रालय की सिफारिश पर की गई। ब्लॉक किए गए चैनलों में पाकिस्तानी समाचार चैनल Dawn, Samaa TV, ARY News, Bol News, Raftar, Geo News और Suno News शामिल हैं। साथ ही पत्रकारों इर्शाद भट्टी, असमा शिराज़ी, उमर चीमा और मुनीब फारूक के यूट्यूब चैनल भी प्रतिबंधित कर दिए गए। इसके अलावा The Pakistan Reference, Samaa Sports, Uzair Cricket और Razi Naama जैसे अन्य प्लेटफॉर्म भी इस सूची में हैं।
30 अप्रैल, 2025
सेना प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी पीएम मोदी से मिले। बैठकों और मुलाकात का दौर तेज हो गया। भारत से पाकिस्तानी नागरिक डिपोर्ट होने लगे।
1 मई, 2025
दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह बोले- कोई ये ना समझे कि हमारे 26 लोगों को मारकर वो लड़ाई जीत गए हैं। चुन-चुन के बदला लिया जाएगा।
3 मई 2025
पहलगाम आतंकी हमले के बाद से भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ सख्त रुख अपनाया हुआ है। अब भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ तीन बड़ी कार्रवाई की, जिसके तहत भारत ने पाकिस्तान से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष आयात पर तुरंत प्रभाव से रोक लगा दी। साथ ही पाकिस्तान से आने वाले डाक-पार्सल पर भी रोक लगा दी गई है। भारत ने पाकिस्तान का झंडा लगे जहाजों को भी भारत के बंदरगाहों पर रुकने से रोक लगा दी।
4 मई 2025
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह कानपुर में बोले-देश जो चाहता है वही होगा।
5 मई 2025
देश के 244 स्थानों पर 7 मई को सिविल डिफेंस और ब्लैकआउट की मॉक ड्रिल का आदेश। देशभर में इसको लेकर हलचल और तैयारी तेज हो गई।
6 मई 2025
भारतीय सेना ने रात 1:05 से 01:25 के बीच पाकिस्तान और PoK में 9 आतंकी ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए।
7 मई 2025
पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर, गुजरात, राजस्थान और पंजाब में 15 भारतीय सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए, सभी हमले नाकाम। पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेते हुए भारतीय सशस्त्र बलों ने मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। इनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद का गढ़ और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा का ठिकाना शामिल है। प्रधानमंत्री ने इससे पहले पहलगाम हमले के मद्देनजर आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई के लक्ष्यों, तरीके और समय पर निर्णय लेने के लिए सशस्त्र बलों को पूरी स्वतंत्रता दी थी।
8 मई 2025
सरहद पर बीते 36 घंटे में तेजी से हालात बदले। पाकिस्तान जंग पर आमादा है। पाकिस्तान ने बौखलाहट में भारत के 15 शहरों में स्थित सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की, जिसे सेना ने नाकाम कर दिया। यही नहीं, पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर लाहौर में उसे काफी नुकसान पहुंचा। भारत ने लाहौर में पाकिस्तान का एयर डिफेंस सिस्टम पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। उधर, पाकिस्तान ने भी कई दावे कर दिए। हालांकि, शाम 5:30 बजे विदेश मंत्रालय ने प्रेस ब्रीफिंग कर पाकिस्तान के कई झूठ को बेनकाब कर दिया। रात आठ बजे के बाद हालात तेजी से बदलते चले गए। पाकिस्तान की आठ मिसाइलों को भारतीय सेना ने इंटरसेप्ट किया। सेना ने भारतीय सीमा के अंदर से एक पाकिस्तानी पायलट को कब्जे में लिया। पाकिस्तानी पायलट ने लड़ाकू विमान के साथ भारत की सीमा में प्रवेश किया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के लड़ाकू विमान को भारत ने मार गिराया। भारतीय वायु रक्षा बलों ने पठानकोट सेक्टर में पाकिस्तानी वायुसेना के एक जेट और नौशेरा सेक्टर में दो पाकिस्तानी ड्रोन को मार गिराया है। भारत ने तनावपूर्ण हालात को देखते हुए सीमावर्ती राज्यों में ब्लैकआउट किया। सीमावर्ती इलाकों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं। कई राज्यों में सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गईं हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के कारण धर्मशाला में खेला जा रहा पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबला बीच में रोका गया और कुछ देर बाद ही इस रद्द करने का फैसला किया गया।हालात को देखते हुए देश भर में एयरपोर्ट पर अलर्ट जारी कर 8 राज्यों के 29 एयपोर्ट बंद कर दिए गए। 400 से ज्यादा उड़ाने भी रद्द की गई।
9 मई 2025
विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बार फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान के नापाक चेहरे और इरादों का पर्दाफाश कर दिया। विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह 8 से 9 मई की रात की पाकिस्तान के हमलों की जानकारी दी। इस दौरान सबसे बड़ी खुलासा यह हुआ कि पाकिस्तान ने अतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर लेह से लेकर सरक्रीक तक 36 जगहों पर 300-400 ड्रोन से घुसपैठ की कोशिश की। ये ड्रोन तुर्किये के बताए जा रहे हैं। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने अमर उजाला के सवाल के जवाब में कहा कि भारत ने पाकिस्तान को जिम्मेदारीभरा और पर्याप्त तरीके से जवाब दिया है।भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए बीसीसीआई ने आईपीएल 2025 के आयोजन पर एक सप्ताह तक रोक लगा दी। इसके साथ ही द वायर को सरकार ने बैन कर दिया।
मौजूदा हालात को देखते हुए पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने आपात बैठक बुलाई। इसके बाद विदेश मंत्रालय ने प्रेस ब्रीफिंग में पाकिस्तान की नापाक हरकतों और भारत के पलटवार की जानकारी दी। रात आठ बजे के आसपास एक बार फिर पाकिस्तान ने ड्रोन हमलों की कोशिश की। पंजाब, राजस्थान, गुजरात और जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तानी ड्रोन भारतीय सेना ने मार गिराए। पाकिस्तान ने 9 मई की रात भारत के 26 शहरों पर हमला किया। इसके बाद भारत ने जवाबी कार्रवाई की। LoC पर कई जगहों पर रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है। देशभर के हवाई अड्डों पर सुरक्षा इंतजाम और कड़े कर दिए गए हैं। इस बीच देश के 32 एयरपोर्ट 15 मई तक बंद कर दिए गए हैं।
10 मई 2025
जम्मू के पास भारतीय सेना ने पाकिस्तानी चौकियों और आतंकवादी लॉन्च पैड्स को नष्ट कर दिया है। इन्हीं जगहों से ट्यूब लॉन्च ड्रोन के जरिए भारत में घुसपैठ कर कोशिशें की जा रही थीं। अमृतसर के खासा कैंट के ऊपर दुश्मन के कई हथियारबंद ड्रोन उड़ते देखे गए।इस बीच बीएसएफ ने बताया कि 9 मई 2025 को रात लगभग 9 बजे पाकिस्तान ने बिना किसी उकसावे के जम्मू सेक्टर में बीएसएफ चौकियों पर गोलीबारी की। 10 तारीख की सुबह एक बार फिर रक्षा और विदेश मंत्रालय ने प्रेस कॉनफ्रेंस की और 9 मई की रात हुई गोलाबारी की जानकारी दी। कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया, "पाकिस्तानी सेना ने पश्चिमी सीमाओं पर लगातार आक्रमक गतिविधियां जारी रखी हैं। उसने ड्रोन, लंबी दूरी के हथियार, युद्धक हथियार और लड़ाकू विमानों का उपयोग कर भारतीय सैन्य ढांचे को निशाना बनाया। अंतरराष्ट्रीय सीमा और LoC पर 26 से अधिक स्थानों पर हवाई घुसपैठ के प्रयास किए गए। पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी में जिले के एडीशनल डिस्ट्रिक्ट डेवलपमेंट कमिश्नर (ADDC) राजकुमार थप्पा शहीद हो गए हैं।
युद्ध जैसे हालात
भारत-पाकिस्तान के बीच हालात बेहद तनावपूर्ण हैं। भारत के खिलाफ पाकिस्तान ने अपने इस ऑपरेशन का नाम ऑपरेशन बुनयान अल मरसूस दिया है, जिसका मतलब है- शीशे जैसी मजबूत दीवार यानी एक ऐसी दीवार जो बहुत मजबूती से रक्षा करती है। दोनो देशों बीच तनाव अगर ये नहीं रूका तो एक बड़े युद्ध का रूप ले सकता है।
नोट-यंग भारत न्यूज आपसे अपील करता है कि किसी भी भ्रामक या अनाधिकारिक सूचना पर विश्वास न करें। केवल रक्षा और विदेश मंत्रालय द्वारा दी गई जानकारी पर ही भरोसा करें।