नई दिल्ली, वाईबीएन नेटवर्क।
भारतीय नौसेना ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2500 किलोग्राम मादक पदार्थों (Drugs) को पकड़ा है। नौसेना के प्रमुख युद्धपोत, आईएनएस तरकश, ने पश्चिमी हिंद महासागर में 2,500 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थों को जब्त किया है। इस बारे में अधिकारियों ने बुधवार को जानकारी दी। 31 मार्च को नौसेना को कुछ संदिग्ध जहाजों की गतिविधियों के बारे में सूचना मिली थी, जिसके बाद मादक पदार्थों की जब्ती के लिए अभियान शुरू किया गया।
संदिग्ध नाव की तलाशी में मिले मादक पदार्थ
नौसेना के प्रवक्ता के मुताबिक, संदिग्ध जहाजों और नावों से पूछताछ के बाद आईएनएस तरकश ने पी-8आई समुद्री निगरानी विमान और मुंबई स्थित समुद्री ऑपरेशन केंद्र की मदद से एक संदिग्ध नौका का पता लगाया और उसे रोक लिया। इसके अलावा, जहाज ने अपने हेलीकॉप्टर की मदद से संदिग्ध नौका की गतिविधियों पर नजर रखी।र क्षेत्र में अन्य संभावित जहाजों की पहचान की गई। विशेषज्ञों की एक टीम, जिसमें मरीन कमांडो भी शामिल थे ने तलाशी अभियान चलाया। ये टीम संदिग्ध नौका पर चढ़ी और पूरी तरह से तलाशी ली गई।
हेरोइन और हशीश के पैकेट मिले
गश्त के दौरान भारतीय नौसेना को खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके बाद तलाशी अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान कई सीलबंद पैकेट बरामद हुए, जिनमें 2,386 किलोग्राम हशीश और 121 किलोग्राम हेरोइन शामिल थे। कुल मिलाकर 2,500 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ पाए गए। इस मामले में पूछताछ के बाद संदिग्ध नौका को आईएनएस तरकश के नियंत्रण में लाया गया और चालक दल से विस्तार से पूछताछ की गई, जिसमें उनकी कार्यप्रणाली और इलाके में अन्य संदिग्ध जहाजों की मौजूदगी के बारे में जानकारी प्राप्त की गई।
INS तरकश का समुद्री सुरक्षा अभियान
नौसेना की विशेष बोर्डिंग टीम और मरीन कमांडोज की विशेष कार्रवाई के बाद आईएनएस तरकश ने उस संदिग्ध बोट को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद गहराई से पड़ताल की गई। बता दें कि जनवरी 2025 से समुद्री सुरक्षा अभियानों के लिए INS तरकश संयुक्त टास्क फोर्स (CTF) पश्चिमी हिंद महासागर में तैनात है।