Advertisment

दिल्ली गई तो क्या हुआ, करीबियों को पंजाब से रेवड़ी दिला रहे हैं केजरीवाल

इस फेहरिस्त में सबसे ऊपर रीना गुप्ता हैं। उनको पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीपीसीबी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। रीना आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। उनको केजरीवाल का करीबी माना जाता है।

author-image
Shailendra Gautam
kejriwal

नई दिल्ली, वाईबीएन डेस्कः करप्शन से लड़ने के वायदे के साथ सियासी पारी शुरू करने वाले अरविंद केजरीवाल भी दूसरे राजनीतिक दलों से कहीं आगे निकलते जा रहे हैं। दिल्ली में सरकार जाने से उनके कुछ करीबी बेरोजगार होने के कगार पर आ गए थे। इन लोगों को पंजाब में मलाईदार महकमे बांटे जा रहे हैं। सीएम भगवंत मान ने 31 नियुक्तियों में कुछ ऐसे चेहरों को पंजाब में एडजस्ट किया है जो कभी दिल्ली में अपना असर रखते थे। लेकिन सरकार जाने से पैदल हो गए थे। इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और संदीप पाठक समेत आम आदमी पार्टी के दिल्ली नेताओं के करीबी सहयोगी उन 31 लोगों में शामिल हैं जिन्हें पंजाब में निगमों और अन्य सरकारी संगठनों के अध्यक्ष के रूप में नियुक्त किया गया है। ध्यान रहे कि इससे पहले केजरीवाल अपने पीए विभव कुमार, दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और दिल्ली में हेल्थ मिनिस्टर रह चुके सतेंद्र जैन को पंजाब में एडजस्ट कर चुके हैं।

Advertisment


रीना गुप्ता को बना दिया पीपीसीबी का अध्यक्ष  

इस फेहरिस्त में सबसे ऊपर रीना गुप्ता हैं। उनको पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (पीपीसीबी) का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। रीना आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं। उनको केजरीवाल का करीबी माना जाता है। वो आदर्श पाल विग की जगह लेंगी जो अमृतसर के गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के एक प्रसिद्ध पर्यावरण वैज्ञानिक थे। विग का तीन साल का कार्यकाल जुलाई 2024 में समाप्त हो गया था, लेकिन वह पद पर बने रहे क्योंकि सरकार उनके उत्तराधिकारी की तलाश नहीं कर पा रही थी। रीना गुप्ता एक वकील हैं। 2011 में अन्ना हजारे के भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन में शामिल होने से पहले वो विश्व बैंक के साथ काम कर रही थीं। वो दिल्ली के पर्यावरण मंत्री के सलाहकार भी रहीं। उन्हें बाद में दिल्ली सरकार के राज्य स्तरीय पर्यावरण प्रभाव आकलन प्राधिकरण का सदस्य बनाया गया था। फिलहाल वो पंजाब शिफ्ट हो रही हैं। 


चौहान को पंजाब लार्ज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बोर्ड का अध्यक्ष बनाया

Advertisment

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दीपक चौहान को पंजाब लार्ज इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया है। चौहान आप के राष्ट्रीय संगठन सचिव और राज्यसभा सदस्य डा. संदीप पाठक के करीबी हैं। दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के करीबी प्रभवीर बराड़ को पनसप का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह पहली बार नहीं है कि आप ने पंजाब सरकार के किसी निकाय में दिल्ली से केजरीवाल के किसी सहयोगी को नियुक्त किया है। कमल बंसल को हाल ही में पंजाब की तीर्थ यात्रा समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। पहले वो दिल्ली तीर्थ यात्रा समिति के अध्यक्ष थे। ऐसे ही दिल्ली के आईएएस अधिकारी सत्य गोपाल को रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथारिटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। हालांकि बाद में उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।


रीना गुप्ता और चौहान को लेकर कांग्रेस हमलावर

कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैरा ने दीपक चौहान और रीना गुप्ता की नियुक्तियों को पंजाब के आप कार्यकर्ताओं का अपमान बताया। खैरा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि इससे पता चलता है कि आप नेतृत्व के मामले में इतनी दिवालिया हो चुकी है कि उन्हें पंजाब से सही लोग नहीं मिल पाए। यह पंजाब के संसाधनों की लूट है। दोनों नियुक्तियां दिखाती हैं कि केजरीवाल अपने गुर्गों के माध्यम से पंजाब के उद्योग को नियंत्रित करना चाहते हैं। मैं भगवंत मान से स्पष्टीकरण मांगता हूं कि वह पंजाब को बाहरी लोगों के हवाले क्यों कर रहे हैं। 

Advertisment


प्रताप सिंह बाजवा ने भी केजरीवाल को सुनाई खरी-खरी

पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने दोनों नियुक्तियों को मान का मास्टरस्ट्रोक बताया। एक्स पर पोस्ट में बाजवा ने कहा कि चौहान संदीप पाठक के पूर्व पीए हैं। उनको कोई औद्योगिक अनुभव नहीं था। वह पंजाबी नहीं हैं। उनका चयन योग्यता से अधिक वफादारी को दर्शाता है। बाजवा ने अपनी पोस्ट में लिखा कि रीना गुप्ता एक और गैर-पंजाबी और दिल्ली एसईआईएए के पूर्व सदस्य अब पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष हैं। 

भगवंत मान की इन नियुक्तियों पर भी बवाल

Advertisment

भगवंत मान ने पूर्व अकाली नेता पवन कुमार टीनू को पंजाब राज्य सहकारी कृषि विकास बैंक का अध्यक्ष बनाया है। ये बैंक किसानों को दिए गए कर्ज की वसूली न कर पाने के कारण चर्चा में रहा था। नई नियुक्तियों में आप ने पार्टी के कैडर को भी खुश करने की कोशिश की है। ये वो लोग हैं जो हाल ही में पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग नहीं ले रहे थे। लुधियाना से 2019 में लोकसभा चुनाव लड़ने वाले तेजपाल सिंह गिल को पनग्रेन का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। जबकि दीपक बंसल को पंजाब गौ सेवा आयोग का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

अन्य नियुक्तियों में हरजिंदर सिंह घांघा को मार्केट कमेटी पंजे के उत्तर का चेयरमैन, अनु बब्बर और अमन कुमार मित्तल को पंजाब जल संसाधन प्रबंधन और विकास निगम लिमिटेड का निदेशक, नयन छाबड़ा को पंजाब युवा विकास बोर्ड का उपाध्यक्ष, प्रभजीत सिंह और अमरदीप कौर को पनबस का निदेशक, दलजीत सिंह मियादियां, लखबीर सिंह औजला और जगसीर सिंह को पंजाब डेयरी विकास बोर्ड का निदेशक, रोबी कंग को इन्फोटेक का निदेशक तथा जसबीर सिंह धंजल को पंजाब राज्य पिछड़ा वर्ग एवं भूमि विकास निगम का निदेशक नियुक्त किया गया है।


Arvind Kejriwal, Kejriwal adjusting his close aides, Delhi, Punjab Government, Reena Gupta

arvind kejriwal arvind kejriwal latest news aam aadmi party punjab news aap party Punjab
Advertisment
Advertisment