रोहतक, वाईबीएन नेटवर्क।
हरियाणा के रोहतक जिले में कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल की हत्या से सनसनी मच गई है। एक बंद सूटकेस के अंदर हिमानी की लाश मिली है, जिसने हर किसी को झकझोर दिया है। हिमानी नरवाल कांग्रेस की उभरती हुई नेता थीं, लेकिन किसे पता था कि उनका बेहरमी से कत्ल कर दिया जाएगा। वे राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं थीं, ऐसे में हिमानी की हत्या होने पर कई सवाल उठ रहे हैं। उनकी हत्या ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। राजनीति में एक नया सितारा चमकने से पहले ही बुझ गया।
राजनीति का उभरता हुआ सितारा 'हिमानी'
कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती थीं। हिमानी, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में भी शामिल हुई थीं, जिसके बाद से सुर्खियों में आईं थीं। उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रहे, जिससे वह जनता के साथ ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की नजरों में आ गईं। हरियाणा विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान भी हिमानी काफी सक्रिय रहीं थीं। उन्होंने जोर-शोर के साथ पार्टी के प्रचार अभियानों में हिस्सा लिया था।
हिमानी का राजनीतिक करियर
हरियाणा की राजनीति में हिमानी नरवाल का नाम तेजी से उभर रहा था। हिमानी नरवाल की राजनीति में रुचि बचपन से ही थी। युवा कांग्रेस की बैठकों से लेकर बड़े नेताओं के अभियानों तक, हिमानी हर जगह सक्रिय रहती थीं। उनकी प्रभावशाली पर्सनालिटी और जनता से जुड़ने की कला उन्हें कांग्रेस पार्टी में एक खास पहचान दिला रही थी। राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होने के बाद उनका राजनीतिक करियर और मजबूत हो रहा था। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान हिमानी राहुल गांधी के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने वाली नेता के रूप में उभरीं।
हरियाणा चुनाव में रहीं सक्रिय
हिमानी नरवाल ने हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 में कांग्रेस के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी और पूरे दमखम के साथ पार्टी का प्रचार किया था। हिमानी भूपेंद्र सिंह हुड्डा और दीपेंद्र सिंह हुड्डा के चुनाव प्रचार अभियानों का अहम हिस्सा बनीं। हिमानी सामाजिक मुद्दों और महिला सशक्तिकरण की बात करती थीं। इसके साथ ही युवा वर्ग में भी उनकी मजबूत पैठ थी। अपनी मेहनत के बलबूते पर इतनी कम उम्र में ही वे अच्छी-खासी पहचान बना चुकी थीं। ऐसे में हिमानी की मौत से हर कोई हैरान है और उनकी हत्या पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
बंद सूटकेस में मिली हिमानी की लाश
हिमानी का शव रोहतक जिले के सांपला इलाके में मिला है। एक बंद सूटकेस के अंदर उनकी लाश मिली है। शुरुआत में शव की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई थी, लेकिन कांग्रेस विधायक भारत भूषण बत्रा ने पुष्टि की कि मृतका कोई और नहीं बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल हैं। हत्या से कुछ दिन पहले ही हिमानी एक शादी समारोह में शामिल हुईं थीं, उन्होंने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर किया था। कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने हिमानी की मौत पर सवाल खड़े किए हैं और एसआईटी गठित कर जांच की मांग की है।
यह भी पढ़ें: बंद सूटकेस में मिली कांग्रेस कार्यकर्ता Himani Narwal की लाश, हत्या से देशभर में मची सनसननी